A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

सिरसी में PWD के काम से टुटा नल जल का पाइपलाइन महीनों से पानी सप्लाई बंद

चैनपुर प्रखंड – सिरसी गांव में नल-जल योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, एक माह से पानी सप्लाई बंद — ग्रामीण परेशान

 

कैमूर/चैनपुर।

चैनपुर प्रखंड अंतर्गत अवखरा से संघारबीर तक पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग द्वारा सड़क निर्माण का कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। सड़क निर्माण की इस प्रक्रिया के दौरान सिरसी गांव में बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना की मुख्य पाइपलाइन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। नतीजा यह हुआ कि गांव में बीते करीब एक महीने से पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है, और ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

 

ग्रामीण बोले — “पानी के लिए रोज़ परेशान, सुनने वाला कोई नहीं”

सिरसी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद से गांव में जलसंकट बढ़ गया है। लोगों को रोज़ाना दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है। महिलाएँ और बुज़ुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब इस समस्या की शिकायत पीएचईडी (PHED) विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) से की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, जेई ने समस्या को टालते हुए कहा कि “PWD के ठेकेदार को इससे कोई सरोकार नहीं दिख रहा है”. साथ ही विभागीय अधिकारी व ठेकेदार के मुंशी से बात करने पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

 

रोड कालीकरण जारी, ग्रामीणों को डर — “काम पूरा हो जाएगा, तब हमारी समस्या कौन देखेगा?”

PWD द्वारा सड़क कालीकरण का काम लगातार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पूरी तरह बनकर मुकम्मल हो जाएगी, तो नल-जल योजना की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को फिर से ठीक करना काफी मुश्किल हो जाएगा। वर्तमान स्थिति में भी जनप्रतिनिधि और अधिकारी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

 

ग्रामीणों की बेबसी—“हमारी समस्या को सुनने वाला कोई नहीं”

ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार विभागीय स्तर पर जाकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। पानी के लिए परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरन्त हस्तक्षेप की मांग की है। गांव में जलसंकट लगातार बढ़ रहा है और लोग सरकारी योजनाओं की विफलता पर सवाल उठा रहे हैं।

 

स्थानीय लोग यह भी आशंका जता रहे हैं कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहने से स्थिति गंभीर हो सकती है।

 

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Back to top button
error: Content is protected !!