
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। बस्ती में युवक पर लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी से हमला:दबंगों ने पीटकर नदी किनारे फेंका, अस्पताल में भर्ती।।
लालगंज में पत्रकार पर हमला करने वाले पूर्व भाजपा नेता पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज। भाजपा नेता रमेश चौधरी ने अपने भाई व गुर्गों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी रॉड से हमला कर किया था लहूलुहान। गंभीर हालत में खून से लथपथ पत्रकार के प्रार्थना पत्र पर दर्ज हुआ है मुकदमा।
🔥 पूर्व भाजपा नेता रमेश चौधरी उमेश चौधरी सहित चार लोगों पर दर्ज हुआ है मुकदमा।
सूत्रों की माने तो भाजपा से 6 साल के लिए निष्कासित है पूर्व भाजपा नेता। भाजपा नेता रमेश चौधरी पर पूर्व में भी लग चुके हैं गंभीर आरोप सुर्खियों में था छाया। नगर थाना क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल में किया था लड़की को अगवा भाजपा नेता की खूब उड़ी थी किरकिरी। फिर कांड को दोहराया फिल्मी स्टाइल में पत्रकार को मार कर फेंकने का आरोप। लालगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव का रहने वाला है पीड़ित पत्रकार।
13 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एक युवक पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमलावरों ने उसे पीटकर नदी किनारे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना 11 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे हुई। ग्राम तिघरा निवासी धर्मेश अपनी स्कूटी से भक्तुपुर प्रधान के यहां से गांव लौट रहा था। गोसाईपुर पुल वाले रास्ते पर गन्ना कोटे के पास उसे रमेश चौधरी, राकेश चौधरी, उमेश चौधरी (तीनों पुत्र रामउजागिर चौधरी) और रमेश के भांजे अंकित चौधरी ने रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों के हाथों में लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी थी। उन्होंने धर्मेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लोहे की रॉड से उसकी आंख और शरीर पर वार किए गए, जबकि कुल्हाड़ी से सिर पर प्रहार किया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
हमलावरों ने धर्मेश को मरा समझकर बेरहमी से पीटा और फिर उसे घसीटते हुए नदी किनारे फेंक दिया। कुछ देर बाद होश में आने पर धर्मेश किसी तरह पास की एक दूध डेरी तक पहुंचा। खून से लथपथ हालत में देखकर ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और धर्मेश को तत्काल बनहरा अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी दबंग और भूमाफिया प्रवृत्ति के हैं, जिससे उसे और उसके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

















