

हजारा, पीलीभीत । 49 वीं वाहिनीं सशस्त्र सीमा बल पीलीभीत के अधिकारियों व जवानों ने भारत नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार को ग्रामीणों के साथ एक तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें एसएसबी के जवानों के साथ ही ग्रामीणों ने भी इसमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
भारत नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात 49 वीं वाहिनीं सशस्त्र सीमा बल पीलीभीत की सीमा चौकी शारदापुरी के एसएसबी के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मंगलवार को एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह तिरंगा यात्रा 49 वीं वाहिनीं एसएसबी पीलीभीत के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के निर्देशानुसार तथा सीमा चौकी शारदापुरी के प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में निकाली गई थी। यह तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शारदापुरी सीमा चौकी से शुरू होकर नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के अंतर्गत खजूरिया कस्बे तक निकाली गई थी। इस तिरंगा यात्रा में एसएसबी तथा थाना सम्पूर्णानगर की पुलिस जवानों के साथ साथ काफी संख्या में ग्रामीणों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। इस तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों ने हाथों में तिरंगा थामा था। इस दौरान एसएसबी के जवान लोगों को तिरंगा यात्रा के प्रति जागरूक भी कर रहे थे। साथ ही लोगों को अपने अपने घरों में तिरंगा झंडा फहराने के लिए अपील भी कर रहे थे।
इस तिरंगा यात्रा के दौरान शारदापुरी सीमा चौकी प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच भारतीय ध्वज के बारे में जागरूक करना तथा लोगों में देशभक्ति की भावना को जाग्रत करना है। आगे उन्होंने कहा कि यह “हर घर तिरंगा”अभियान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में है। इसलिए सभी से अपील है कि राष्ट्रीय ध्वज को बड़े सम्मान तथा शान से अपने घरों में तिरंगा फहरायें। और दूसरों को भी प्रेरित करें। हर घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराना देश के प्रति हमारी देशभक्ति को प्रदर्शित करेगा। इस तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्य रूप से शारदापुरी सीमा चौकी बल के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, सम्पूर्णानगर थानाध्यक्ष निराला तिवारी, पुलिस चौकी खजूरिया प्रभारी संजीव तोमर, ग्राम प्रधान प्रभुनाथ, नगर व्यपार मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश सिंह, उमेश चंद खरवार, दिग्विजय सिंह के साथ साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे थे।








