
दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ैत गांव में स्थित धोबय नदी पर बने चेक डेम में बीते बुधवार को एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। इस दुर्घटना में नहाने के दौरान एक 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मृत्यु हो गई थी। तीन दिनों तक चले निरंतर खोज अभियान के बावजूद शव का कोई पता नहीं चल सका था। अंततः शुक्रवार की संध्या लगभग छह बजे मृतक का शव जामुंडी प्रखंड के नोनीहाट के निकट भालकी पुल के नीचे धोबय नदी में बहकर मिला।
मृतक की पहचान बढ़ैत गांव निवासी एसके लाल किस्कू (17 वर्ष), पिता चूनीलाल किस्कू के रूप में हुई है। वह कक्षा दसवीं का छात्र था तथा अपने परिवार का होनहार पुत्र माना जाता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ धोबय नदी पर बने चेक डेम में स्नान करने गया था। तेज जलप्रवाह के कारण वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोज अभियान प्रारंभ किया लेकिम किशोर का कुछ पता नहीं चल पाया।शुक्रवार की शाम करीब 6:00 बजे जब एक शव नदी में बहता हुआ भालकी पुल के नीचे देखा गया, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्क्षण इसकी सूचना हंसडीहा थाना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। शनिवार की सुबह मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान पहने हुए कपड़ो के द्वारा एसके लाल किस्कू के रूप में की। पहचान के पश्चात परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हंसडीहा थाना पुलिस को नदी में बहता शव मिलने की सूचना पर हंसडीहा थाना पुलिस पदाधिकारी जिम्मी हांसदा मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका भेजा गया है।