

कांठ (मुरादाबाद)। आगामी सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कांठ थाना पुलिस ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर से फ्लैग मार्च की शुरुआत हुई। पुलिस बल नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार। ✍️







