

कांठ (मुरादाबाद)। तहसील क्षेत्र के गांव गोपालपुर में देर रात तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव निवासी शीशपाल जाटव के घर में रात के अंधेरे में घुसे तेंदुए ने उनके पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। घटना के बाद पूरे गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्राम प्रधान ओमप्रकाश सिंह ने “वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज” को जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुआ रात में शीशपाल जाटव के घर के अंदर घुस आया और पालतू कुत्ते को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात भय के साए में रहे और अब लोगों ने अपने बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल गांव के आसपास पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और नियमित गश्त कर लोगों को उसकी दहशत से राहत दिलाने की मांग की है। फिलहाल तेंदुए की दस्तक से गांव गोपालपुर सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार। ✍️







