

KANTH (MORADABAD)। कांठ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर कांठ-अमरोहा रोड पर आंशिक रूप से जाम लगाकर नाराजगी जताई। पुलिस के समझाने और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क से हटे।
जानकारी के अनुसार, थाना कांठ क्षेत्र के गांव देहरी जुम्मन निवासी नवनीत कुमार (20) पुत्र तेजपाल सिंह रात अपनी बाइक (UP 20 G 1398) से उमरी कलां चौराहे से घर लौट रहा था। आरोप है कि क्षेत्र के गांव साहुपुरा में अमरोहा रोड पर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक रिजवान पुत्र फुरकान निवासी साहुपुरा ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नवनीत की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नवनीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सूचना पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त हो गई। उन्होंने कांठ-अमरोहा रोड पर आंशिक रूप से जाम लगाकर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि मृतक नवनीत के ताऊ चंद्रपाल सिंह की तहरीर पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक रिजवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️





