

MORADABAD। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा तथा सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि के दृष्टिगत जिलाधिकारी मुरादाबाद डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 10 और 11 अगस्त को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी सरकारी एवं गैरसरकारी विद्यालयों तथा इंटर कॉलेजों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा।
इस बार 10 अगस्त को सावन का दूसरा सोमवार और 11 अगस्त को शिवरात्रि का पर्व है। दोनों अवसरों पर बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आवागमन, मंदिरों में जलाभिषेक किए जाने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा एक से कक्षा 12 तक के विद्यालयों के साथ ही उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में भी 10 और 11 अगस्त का अवकाश रहेगा। मुरादाबाद प्रशासन का मानना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी के आदेश के बाद संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को अवकाश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Repo: Pankaj Kumar ✍️






