
बहलोड में निःशुल्क नेत्र शिविर संपन्न,
160 मरीजों की हुई जांच,30 लोगों को चश्मे बांटे, 10 मरीज ऑपरेशन के लिए जयपुर रेफर,35 अतिथियों का माला-साफा पहनाकर सम्मान


जयपुर।ग्राम पंचायत बहलोड स्थित निःशुल्क डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी में रविवार को भारत पथिक संस्थान एवं निदान सेवा संस्थान के तत्वावधान में जयपुर कैलिगिरी आई हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान नेत्र रोगों से पीड़ित 160 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।आयोजक अशोक आजाद ने बताया कि नेत्र जांच के बाद जरूरतमंद 30 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं ऑपरेशन की आवश्यकता वाले 10 मरीजों को जयपुर कैलिगिरी आई हॉस्पिटल रेफर किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें बीमारी से बचाव और उपचार के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया।
माला-साफा पहनाकर किया स्वागत, 35 अतिथियों का सम्मान-शिविर से पहले भारत पथिक संस्थान एवं निदान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों तथा गणमान्य लोगों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया गया। आयोजन में सहयोग करने वाले एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले करीब 35 अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।ग्रामीणों में दिखा उत्साह ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का लोगों ने लाभ उठाया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से शिविर में दिनभर चहल-पहल रही। आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक ही नेत्र जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया।
इस मौके पर भारत पथिक संस्थान के संस्थापक सुरेश चंद बिलोनिया, मदन धमोरा, हनुमान सहाय चौहान, रूपनारायण, रामधन चौहान, ताराचंद गुर्जर, भामाशाह सुगाराम मास्टर, डॉ. लाला आजाद, कविता आजाद, बंशी योगी, लालाराम अध्यापक सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

