छात्राओ ने जाना पुलिस का पूरा नेटवर्क, डायल 112 एवं कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *विद्यार्थियों को कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम, नागरिक दायित्व एवं पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा संचालित “सृजन संवाद योजना” के अंतर्गत तृतीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। योजना के नोडल अधिकारी नरेंद्र सोलंकी द्वारा कार्यक्रम का समन्वय किया जा रहा है। सांदीपनी स्कूल की लगभग 100 छात्राओं एवं शिक्षक स्टाफ ने पुलिस कंट्रोल रूम सागर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी श्रीमती संतोषी कनासिया, प्रभारी रेडियो निरीक्षक सचिन नागरे उपस्थित रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने छात्राओं को कंट्रोल रूम, डायल-112, सीसीटीवी नेटवर्क, वायरलेस संचार तथा पुलिस के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय की कार्यप्रणाली सरल एवं रोचक तरीके से समझाई।
भदौरिया ने छात्राओं को समझाया कि पुलिस व्यवस्था सिपाही से लेकर थाना प्रभारी, एसडीओपी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक तक एक संगठित नेटवर्क के रूप में कार्य करती है। डायल-112 पर प्राप्त एक सूचना कम्युनिकेशन नेटवर्क के माध्यम से तत्काल संबंधित पुलिस टीम तक पहुंचती है और पुलिस सहायता के लिए सक्रिय हो जाती है। संचार का महत्व समझाते हुए उन्होंने उदाहरण दिया कि “जिस प्रकार मानव शरीर में नसें और तंत्रिकाएं एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक संदेश पहुंचाकर शरीर को प्रतिक्रिया करने में सक्षम बनाती हैं, उसी प्रकार पुलिस व्यवस्था में कम्युनिकेशन सूचना को सही स्थान तक पहुंचाकर त्वरित पुलिस कार्रवाई को संभव बनाता है। छात्राओं को डायल-112 में इवेंट प्राप्त होने से लेकर एक्नॉलेजमेंट, FRV के रवाना होने और घटनास्थल पर पहुंचने तक की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से शहर की निगरानी एवं घटनाओं की जांच में फुटेज की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम की विशेषता रही कि भदौरिया ने एकतरफा व्याख्यान के बजाय छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। छात्राओं ने पुलिस, साइबर अपराध, डायल-112, सीसीटीवी एवं पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से सरल एवं रोचक तरीके से उत्तर दिया। छात्राओं ने संवाद की इस शैली की सराहना करते हुए इसे पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने का ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी अनुभव बताया। “सृजन संवाद योजना” के माध्यम से सागर पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें सुरक्षा, कानून के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को पुलिस थानों एवं विभिन्न पुलिस इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण कराने के साथ कानून, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात एवं नागरिक दायित्वों की जानकारी दी जा रही है। “सृजन संवाद योजना” 17 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।



