

बिजनौर। कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बिजनौर जिले में 24 अगस्त 2026, सोमवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना द्वारा 23 अगस्त को जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि कांवड़ यात्रियों के आवागमन के कारण विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव और भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
आदेश के अनुसार यह अवकाश उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, CBSE, ICSE, मदरसा बोर्ड तथा अन्य संबंधित एवं मान्यता प्राप्त बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर लागू होगा।
इसके दायरे में सरकारी, परिषद, सहायता प्राप्त, निजी, सार्वजनिक, मान्यता प्राप्त और अन्य विद्यालयों के साथ-साथ उनके अंतर्गत संचालित सभी कक्षाएं एवं उप-कक्षाएं शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि 24 अगस्त को विद्यालय का शैक्षणिक संचालन पूरी तरह स्थगित रखा जाए और आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
यानी बिजनौर जिले में 24 अगस्त, सोमवार को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।






