सड़क पर नशे में धुत PRD जवान का हाई-वोल्टेज ड्रामा, सरायमीरा तिर्वा क्रॉसिंग पर लगा लंबा जाम; वीडियो वायरल
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायमीरा तिर्वा क्रॉसिंग के पास पुराने जीटी रोड पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक PRD (प्रांतीय रक्षक दल) जवान नशे की हालत में बीच सड़क पर हंगामा करने लगा। जवान के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
बीच सड़क पर लेटा जवान, दरोगा भी रहे बेबस
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, शराब के नशे में धुत PRD जवान अचानक पुराने जीटी रोड पर बीचों-बीच लेट गया और जमकर नारेबाजी व हंगामा करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस दरोगा ने जवान को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने का काफी प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत्त होने के कारण जवान किसी की सुनने को तैयार नहीं था। दरोगा और स्थानीय पुलिस उसे सड़क से किनारे करने में काफी देर तक नाकाम रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, खाकी पर उठे सवाल
घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वर्दी में जवान की इस हरकत ने विभाग की साख और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहगीरों का कहना है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने वाले जवानों का यह रवैया आम जनता के लिए परेशानी का सबब बन रहा है।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन द्वारा वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित PRD जवान पर विभागीय कार्रवाई की बात कही जा रही है।
