

हरिद्वार मार्ग पर मोटर मैकेनिक का काम करने वाले शाहपुर निवासी अर्जुन सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनके एक ही मोबाइल नंबर से जुड़े एक्सिस बैंक और यूनियन बैंक के दो खातों से कुल 45 हजार रुपये निकाल लिए।
अर्जुन सिंह के मुताबिक, शनिवार को जब उनके बैंक खातों से रकम निकाली गई, उस दौरान मोबाइल की स्क्रीन धुंधली हो गई और फोन पर मोबाइल अपडेट करने जैसे संदेश लगातार आने लगे। इसके बाद उन्हें खातों से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई।
अर्जुन ने बताया कि यूनियन बैंक के खाते में जमा 32,400 रुपये की रकम पहले ठगों ने उनके एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर की और इसके बाद एक्सिस बैंक के खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। निकासी के बाद खाते में महज 30 रुपये बचे।
घटना की जानकारी मिलने पर अर्जुन ने साइबर सेल को शिकायत दी। साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि सीओ आकांक्षा गौतम ने भी की है।
साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं के बीच लोगों से अपील है कि वे मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक, अपडेट या संदेशों पर बिना जांच के क्लिक न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।








