

दहेज की आग में झुलसी हुमा की जिंदगी, मौत के बाद खुला प्रताड़ना का राज, सुलह की कोशिशें भी बेअसर
हत्या के बाद आत्महत्या की रची साजिश, पति गिरफ्तार
वंदे भारत / नूर पत्रकार
मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव में विवाहिता हुमा की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। घटना के पीछे दहेज प्रताड़ना का आरोप सामने आने से ससुराल पक्ष पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही हुमा को कम दहेज लाने के ताने दिए जाते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार रिश्तेदारी और बातचीत के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया। डिंगरपुर निवासी हुमा के पिता इबले हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बेटी के साथ कथित तौर पर लंबे समय से हो रही प्रताड़ना का पूरा सिलसिला बताया है। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही हुमा को दहेज को लेकर परेशान किया जा रहा था। आए दिन ताने और विवाद का माहौल बना रहता था। आरोप है कि मामला बढ़ने पर हुमा के साथ मारपीट तक की गई।
परिजनों के मुताबिक, बेटी की जिंदगी बचाने और घर टूटने से रोकने के लिए उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष से बातचीत की। रिश्तेदारों के माध्यम से भी समझौते की कोशिश की गई। मायके वालों को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद हालात सामान्य हो जाएंगे और हुमा को सम्मान के साथ ससुराल में रखा जएगा। आरोप है कि तमाम प्रयासों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
हुमा की हत्या के बाद मायके पक्ष ने पुलिस के सामने दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोप रखकर मामले को गंभीर बना दिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज
कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि हुमा के साथ वास्तव में किस तरह का व्यवहार किया जा रहा था और उसकी मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में दहेज प्रताड़ना के आरोप सामने आने के बाद गांव से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल तेज है। अब निगाहें जांच पर टिकी है कि हुमा की मौत की असली वजह क्या थी और आरोपों में कितनी सच्चाई है।
गौरतलब है कि हुमा के साथ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद शव को पंखे से फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दिए जाने की साजिश रची गई थी बच्चों के सामने बेबस हुमा जिंदगी को भीख मांगती रही लेकिन आरोपियों ने उसे बड़ी बेरहमी से मौत के घाट उतार डाला था।
पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले में नामजद पति सास ससुर सहित देवरो को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य आरोपी पति फाजिल को गिरफ्तार कर लिया है।


