चूरू, 01 सितंबर। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के तत्वावधान में तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) के तत्वावधान में इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इसे देश की प्रमुख राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इंडियास्किल्स प्रतियोगिता के माध्यम से देश के प्रतिभाशाली एवं कुशल युवाओं को अपनी व्यावसायिक दक्षता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को जिला, राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर प्राप्त होगा।
इंडियास्किल्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आगे "वर्ल्ड स्किल्स एशिया 2027" तथा "वर्ल्ड स्किल्स आईची 2028, जापान" जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। इससे चूरू जिले और राजस्थान प्रदेश सहित देश के प्रतिभाशाली युवाओं को वैश्विक स्तर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में आईटी एवं डिजिटल, निर्माण, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोटिव, हॉस्पिटैलिटी, क्रिएटिव आर्ट्स, हेल्थकेयर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कुल 63 उद्योग-प्रासंगिक कौशल शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में संबंधित स्किल कैटेगरी में कुशल युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी स्किल इंडिया डिजीटल हब (SIDH) के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इंडिया स्किल्स 2026—27 के लिए पंजीकरण हेतु https://www.skillindiadigital.gov.in/india-skills-competition?utm_source=chatgpt.com पर विजिट किया जा सकता है। प्रतियोगिता की जानकारी के लिए https://www.youtube.com/watch?v=4d4xcRHOFfs&t=55s के माध्यम से आधिकारिक वीडियो भी देखा जा सकता है।
जिला प्रशासन ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों, विद्यालयों एवं अन्य संबंधित संस्थानों से अपील की है कि वे इस अवसर की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाएं तथा पात्र एवं इच्छुक युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
— — — — — — —