कैमूर में 216 स्वास्थ्य संस्थान संभालेंगे अभियान, घर-घर

30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर होगी स्वास्थ्य जांच, कैमूर में 9.72 लाख लाभार्थियों का लक्ष्य
जाँच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार अभियान” का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
कैमूर। राज्य के नागरिकों को उनके घर के समीप सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा राज्यव्यापी “जाँच एवं उपचार–चिकित्सा आपके द्वार अभियान” का बुधवार, 2 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने विधिवत शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच करेंगे। इसके अलावा आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों पर भी नागरिकों के लिए जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अभियान का उद्देश्य बीमारियों की समय पर पहचान कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना है।
इन बीमारियों की होगी स्क्रीनिंग
अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित रोग तथा फैटी लिवर जैसी प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की जाएगी। जांच में गंभीर अथवा संदिग्ध पाए जाने वाले मरीजों को आवश्यकतानुसार बेहतर उपचार के लिए उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।
जांच के बाद चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाइयां नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे समय पर बीमारी की पहचान और उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कैमूर में 216 स्वास्थ्य संस्थान शामिल
कैमूर जिले में अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए कुल 216 स्वास्थ्य संस्थानों को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान को प्रतिदिन 50 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य दिया गया है। जिले में अभियान के दौरान कुल 9 लाख 72 हजार लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकार, कैमूर के सदस्य संतोष सिंह, 204 मोहनियां विधानसभा की विधायक संगीता कुमारी एवं जिला पदाधिकारी, कैमूर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे स्वास्थ्य सुविधा
जिला पदाधिकारी, कैमूर ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
अभियान के प्रभावी एवं सुचारू संचालन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, कैमूर, सिविल सर्जन, कैमूर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी एवं कर्मी समाहरणालय स्थित मां मुण्डेश्वरी सभागार में उपस्थित रहे।
नागरिकों से स्वास्थ्य जांच कराने की अपील
जिला प्रशासन ने कैमूर जिले के 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार से गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




