सिधमुख/चूरू। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती चुनावों को ध्यान में रखते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिधमुख पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 60 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (अफीम) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अफीम के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को भी जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ ऋषिपाल सिंह चारण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी राजगढ़ अभिजीत पाटील के निकट सुपरविजन में की गई। सिधमुख थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह ऊनि के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी।
राजगढ़ रोड पर चैनपुरा में की नाकाबंदी
पुलिस टीम द्वारा सिधमुख क्षेत्र में गश्त के दौरान राजगढ़ रोड पर चैनपुरा के पास नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रुकवाकर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक से 2 किलो 60 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा अफीम के परिवहन में प्रयुक्त ट्रक नंबर HR 46 E 0662 को जब्त कर लिया। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप पुत्र हरीसिंह, जाति विश्नोई, उम्र 37 वर्ष, निवासी झांसल, थाना भिरानी, जिला हनुमानगढ़ तथा मुकेश पुत्र संजीव कुमार, जाति जाट, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 02, भटटू कलां, थाना भटटू कलां, जिला फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद 2 किलो 60 ग्राम अफीम को जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से हुई, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच के बाद मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में सिधमुख थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल रोशनलाल, कांस्टेबल सुरेश कुमार, हिरालाल, बजरंगलाल तथा चालक महावीर प्रसाद सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।