जनविश्वास का शिविर बना जनसमाधान का मंच, मकरोनिया में उमड़ी नागरिकों की सहभागिता

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मकरोनिया में खण्डस्तरीय जनविश्वास शिविर का रजाखेड़ी बजरिया में आयोजन किया गया। शिविर में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की उपस्थिति में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक ही परिसर में विभागवार काउंटर स्थापित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा शासकीय योजनाओं और लोक सेवाओं से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई। राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद, शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराना निर्धारित किया गया है।
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासन के मैदानी स्तर पर पहुंचकर जनसंवाद और समस्या समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इसके बाद नागरिकों का पंजीकरण कर उन्हें संबंधित विभागों के काउंटर तक पहुंचाया गया। राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, नगर पालिका, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पुलिस सहित विभिन्न विभागों द्वारा विभागवार टेबल लगाए गए थे।
शिविर में नागरिकों को केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाही हुइ,नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान केवल एक शिविर नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधे संवाद की महत्वपूर्ण व्यवस्था है।
सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्या के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार और समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जहां किसी प्रकरण में तत्काल समाधान संभव हो, वहां मौके पर ही कार्रवाई की जाए और जिन मामलों में समय लगे, उनकी प्रगति की सतत निगरानी की जाए।
विधायक लारिया ने नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, पात्रता के अनुसार आवेदन करें और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही विकास को गति मिलती है और जनविश्वास को मजबूत आधार मिलता है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मूल भाव जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को केवल जानकारी देकर वापस न भेजा जाए, बल्कि उनके आवेदन की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों की पहचान कर उनका समाधान किया जाए तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर को अपनी समस्याओं और शासकीय योजनाओं से जुड़ी आवश्यकताओं के समाधान के प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग करें। शिविर में सीईओ जिला पंचायत जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम रोहित वर्मा, सीएचएमओ डॉ.
देवेश पटैरया, मुख्य अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर, सीएमओ पवन कुमार शर्मा, सागर जनपद सीईओ भूपेन्द्र अहिरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में नागरिक एवं हितग्राही उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित यह शिविर प्रशासन की पहुंच को कार्यालयों से निकालकर जनता के बीच ले जाने और शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनसंवाद मंच के रूप में सामने आया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






