चारों तहसीलों में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस, सदर में DM-SP ने सुनीं जनसमस्याएं –
महराजगंज।
जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी चारों तहसीलों—महराजगंज सदर, निचलौल, फरेंदा एवं नौतनवा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से की, जबकि अन्य तहसीलों में संबंधित उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जनसुनवाई की।
तहसील सदर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतकर्ताओं को प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी तहसीलों में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ऐसे मामलों के समाधान के लिए दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन एवं पुलिस ने आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जनहित, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसील सदर में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं निचलौल, फरेंदा एवं नौतनवा तहसीलों में भी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।