*शान, शौर्य और सम्मान के साथ निकलेगी भव्य राम सवारी*

*शान, शौर्य और सम्मान के साथ निकलेगी भव्य राम सवारी*
दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर महापौर ने ली बैठक
– प्रबुद्धजनों व अखाड़ा दलपतियों के साथ की बैठक
जोधपुर, 06 अक्टूबर।
नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाला दशहरा महोत्सव इस बार भी भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शहर के प्रबुद्धजनों एवं अखाड़ा दलपतियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में राम सवारी के पूरे मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, सफाई एवं सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने, रोड लाइटों को व्यवस्थित करने, अखाड़ों की लाइटिंग एवं रंग-रोगन करवाने तथा राम रथ सवारी मार्ग पर बने शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के सुझाव दिए गए। फ़तेहपोल, जालोरी गेट एवं रामलीला मैदान सहित अन्य स्थानों पर अस्थाई शौचालय लगाने तथा राम सवारी के पूरे मार्ग पर सड़कों का पेचवर्क करवाने पर भी चर्चा हुई। महापौर ने इन सभी व्यवस्थाओं को मेले से पूर्व दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
*मेले से पहले होगा पूरे रूट का निरीक्षण*
बैठक में तय किया गया कि दशहरे से पूर्व नगर निगम के अधिकारी राम सवारी मार्ग का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान आमजन से भी संवाद किया जाएगा और मार्ग में जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां व्यवस्थाएं दुरुस्त करवाई जाएंगी।
*मेहरानगढ़ से पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगा राम रथ*
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरे पर मेहरानगढ़ दुर्ग में प्रभु श्रीराम परिवार की पूजा-अर्चना के बाद राम रथ रवाना होगा। राम रथ फतेहपोल से रवाना होकर नवचौकिया, आड़ा बाजार, खांडा फलसा एवं जालोरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि सभी अखाड़े फतेहपोल पहुंचेंगे और वहां से अखाड़ा दल राम रथ के आगे अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करते हुए चलेंगे। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर सभी अखाड़ा दल प्रभारियों को प्रदर्शन का समय एवं स्थान निर्धारित कर दिया जाएगा, ताकि पूरी राम सवारी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थित रूप से निकाली जा सके।
*रंगोलियों से सजेगा राम सवारी का पूरा मार्ग*
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि मेले की पूर्व संध्या पर नगर निगम की ओर से राम सवारी के पूरे मार्ग की विशेष सफाई एवं धुलाई करवाई जाएगी। पूरे मार्ग को आकर्षक रंगोलियों से सजाया जाएगा। साथ ही परंपरा के अनुसार अखाड़ा दल प्रभारियों एवं मंदिरों में भेंट राशि भी समर्पित की जाएगी।
*अखाड़ा दलपतियों का होगा सम्मान*
राम सवारी में शामिल होने वाले अखाड़ा दलपतियों का नगर निगम की ओर से सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। बैठक में अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को निर्देश दिए गए कि आयोजन की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए और राम सवारी शान, शौर्य एवं सम्मान के साथ निकले।
बैठक में उपायुक्त ललित सिंह, कार्यालय अधीक्षक उत्तर सलामतुल्ला खान, कार्यालय अधीक्षक सुबोधशंकर व्यास सहित नगर निगम के अधिकारी, अखाड़ा दलपति एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।


