इंदौर सेंट्रल जेल में डेंगू का अलर्ट, 30 कैदी बीमार; 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव

🔴 तेजकुमार जारवाल
जिला रिपोर्टर | इंदौर
वंदे भारत LIVE TV NEWS
विशेष रिपोर्ट
इंदौर: शहर की सेंट्रल जेल में डेंगू के मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जेल परिसर में लगभग 30 कैदियों की तबीयत बिगड़ने की खबर है, जिनमें से तीन कैदियों की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जेल परिसर में लगातार निगरानी और जांच कर रही है।
जेल प्रशासन को कैदियों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया। टीम ने परिसर का सर्वे किया और संदिग्ध कैदियों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। एलिसा टेस्ट में तीन कैदियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें से एक स्थानीय कैदी है, जबकि दो अन्य बाहरी हैं। सभी बीमार कैदियों को एहतियात के तौर पर महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमवाय) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जेल उप अधीक्षक इंदर सिंह नागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ कैदियों में टाइफाइड की भी पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन फीवर सर्वे कर रहा है और बैरकों में एंटी-लार्वल अभियान चलाया जा रहा है। परिसर में पानी के कंटेनरों में डेंगू के लार्वा पाए गए थे, जिन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की गई है। करीब दो हजार कैदियों वाले इस बड़े परिसर में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम जेल के अंदर और बाहर नियमित छिड़काव कर रही है। कैदियों और स्टाफ को लार्वा पहचानने का प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले एक कैदी की मौत हुई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी। वह सिकल सेल एनीमिया जैसी अन्य बीमारियों से पीड़ित था।
जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों अलर्ट मोड पर हैं। कैदियों की सेहत पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और आगे कोई नया मामला सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






