महुली में न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

दौड़, कबड्डी और खो-खो में खिलाड़ियों ने बिखेरी प्रतिभा, ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
महुली, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_दुद्धी विकासखंड के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में मंगलवार, 13 अक्टूबर को न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महुली न्याय पंचायत के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने दौड़, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप एवं धूप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे बच्चों में शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। पढ़ाई के साथ खेलकूद में भाग लेना भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता की प्राथमिक स्तर की 50 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय महुली के रेहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय जोरूखाड़ की अंजली प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय पतरिहा के योगेश प्रथम और रेहान द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में रेहान ने प्रथम तथा कंपोजिट विद्यालय जोरूखाड़ के प्रदीप कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में जोरूखाड़ की लवली प्रथम और पतरिहा की मनीषा द्वितीय रहीं।
उच्च प्राथमिक स्तर की 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय हिराचक की संध्या कुमारी प्रथम और कमला द्वितीय रहीं। बालक वर्ग में जोरूखाड़ के शनि प्रथम तथा हिराचक के अभिषेक कुमार द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली के शिव कुमार ने प्रथम और आयुष कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर पर बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्राथमिक विद्यालय महुली की टीम विजेता रही। उच्च प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय हिराचक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली की टीम विजेता बनी। खो-खो प्रतियोगिता के प्राथमिक बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय घसिया बस्ती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में उच्च प्राथमिक विद्यालय फुलवार की टीमों ने बाजी मारी।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि दुद्धी की ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। खेलकूद से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करना सीखते हैं। उन्होंने बच्चों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपने विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका दयाशंकर कुशवाहा, बृजेश कुमार मौर्य, राजन रावत और अर्चना सिंह ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन खेल समन्वयक शिवपूजन त्रिपाठी ने किया। प्रतियोगिता के संयोजक बृजेश कुमार गुप्ता, मुख्य खेल प्रभारी लोकपति वर्मा तथा सह खेल प्रभारी अनिल कुमार रहे। इस अवसर पर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, कामता प्रसाद कन्नौजिया, अरुण गुप्ता सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







