बल्लारपुर में शारदीय नवरात्रि की धूम: महारानी शारदा महिला मंडल द्वारा भव्य माता के जागरण का आयोजन, सैकड़ों भक्तों ने लिया लाभ

बल्लारपुर / ब्यूरो चीफ समीर वानखेड़े – वंदे भारत LIVE TV NEWS
शारदीय नवरात्रोत्सव के पावन पर्व पर पूरे बल्लारपुर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल छाया हुआ है। शहर के कोने-कोने में दुर्गा और शारदा मंडलों द्वारा देवी की स्थापना कर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी भक्तिमय श्रृंखला में बल्लारपुर ची महारानी शारदा महिला मंडल, इंदिरा चौक* की ओर से एक भव्य और दिव्य माता के जागरण का आयोजन किया गया।
विकी दुपारे ग्रुप की प्रस्तुति ने बांधा समां
यह भव्य जागरण *विकी दुपारे ग्रुप* द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें माता के एक से बढ़कर एक सुरीले और जोशीले भजनों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले इस जागरण में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था।
कन्नमवार वार्ड में पहली बार हुआ ऐसा आयोजन
खास बात यह रही कि कन्नमवार वार्ड में पहली बार इस स्तर पर माता के जागरण का आयोजन किया गया था। आयोजन की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जागरण शुरू होते ही संपूर्ण वार्ड *”जय माता दी” और “जयकारा शेरावाली का – बोल सांचे दरबार की जय”* के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। चारों ओर माता के भजनों और ढोल-मंजीरे की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। महिलाओं में इस जागरण को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
नगराध्यक्षा अलका वाढई ने की माता की आराधना
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बल्लारपुर नगर परिषद की नगराध्यक्षा *सौ. अलका वाढई* उपस्थित रहीं। उन्होंने विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर जागरण का शुभारंभ किया और माता का आशीर्वाद लिया। उन्होंने महिला मंडल द्वारा किए गए इस सुंदर आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महारानी शारदा महिला मंडल की पूरी टीम ने अथक परिश्रम किया। इस दौरान मंडल की अध्यक्ष *शुभांगी तिडके*, सचिव नगरसेविका *छाया मडावी*, नगरसेविका *वैष्णवी जुमडे* और नगरसेवक *पवन मेश्राम* विशेष रूप से उपस्थित थे। मंडल की सभी महिला पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया और व्यवस्था संभाली।
आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। कन्नमवार वार्ड के नागरिकों ने इस भव्य आयोजन के लिए शारदा महिला मंडल का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






