नवरात्रों में नशा मुक्ति का संकल्प चालक प्रशिक्षणार्थी को किया जागरूक।

नवरात्रों में नशा मुक्ति का संकल्प, चालक प्रशिक्षणार्थियों को किया जागरूक
नूंह में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का जागरूकता कार्यक्रम, 145 चालक प्रशिक्षणार्थी, कर्मी और यात्री अभियान से जुड़े।
नूंह (मेवात)। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा प्रदेशभर में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीना, आईपीएस के मार्गदर्शन में नूंह (मेवात) में चालक प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में 145 चालक प्रशिक्षणार्थियों, अन्य कर्मियों एवं यात्रियों ने भाग लेकर अभियान का समर्थन किया। जागरूकता सत्र में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि नशे का सेवन व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को क्षति पहुँचाने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन तथा सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। वाहन चलाते समय नशे का सेवन दुर्घटनाओं का गंभीर कारण बन सकता है। इसलिए प्रत्येक चालक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। नवरात्र का पावन पर्व आत्मसंयम, सदाचार और बुराइयों पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। माँ दुर्गा की आराधना के साथ नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने का संकल्प लेना भी जनकल्याण का महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, योग, व्यायाम और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएँ। डॉ. वर्मा ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों को तिरस्कार के बजाय सहयोग, उचित परामर्श और उपचार की आवश्यकता होती है। परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भागीदारी से नशा मुक्ति के प्रयासों को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने साइकिल यात्राओं और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने पर भी बल दिया। साइकिल यात्रा पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और अनुशासित जीवन का संदेश देती है। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे नशामुक्त हरियाणा के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। संदेश: “नशे की सुई को ना, रक्तदान की सुई को हाँ। नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो। सुरक्षित चालक, सुरक्षित यात्री और नशामुक्त समाज—यही स्वस्थ हरियाणा की पहचान है।”
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







