नियमों को ताक पर रख DJ का दनदनाट: बल्लारपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 7.31 लाख का DJ सेटअप जब्त

समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ:
बड़े आवाज में DJ बजाकर नियमों को धता बताने वालों को बल्लारपुर पुलिस ने जोरदार झटका दिया है। बिना परवाने के DJ बजाने का मामला सामने आते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तकरीबन 7 लाख 31 हजार रुपये कीमत की पूरी DJ यंत्रणा जब्त कर ली। इस कार्रवाई से तेज आवाज में नियमों को भूल जाने वालों को कड़ा सबक मिला है।
इस मामले में DJ मालिक और ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कैसे हुई कार्रवाई?
17 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे बल्लारपुर-चंद्रपुर महामार्ग पर विसापुर भिवकुंड परिसर में नुरानी ट्रांसपोर्ट कार्यालय के पास तेज आवाज में DJ बजने की सूचना बल्लारपुर पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक उमेश जोगदंड ने अपनी टीम के साथ रात 10:45 बजे मौके पर छापा मारा। वहां टाटा जेनॉन वाहन पर DJ लगाकर बहुत तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे।
पुलिस ने जब DJ बजाने का लाइसेंस मांगा तो संबंधित लोगों के पास कोई भी परवाना नहीं था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई:
– DJ मालिक – प्रवीण गिरीधर गेडाम (उम्र 31 वर्ष), निवासी – कोठारी, ता. बल्लारपुर
– DJ ऑपरेटर – प्रितसिंग राजनंदन पवार (उम्र 23 वर्ष), निवासी – पंडित दीनदयाल वार्ड, बल्लारपुर
क्या-क्या जब्त हुआ?
इस कार्रवाई में पुलिस ने बेस स्पीकर, टॉप स्पीकर, जनरेटर, मिक्सर मशीन, सब-वूफर, प्रोसेसर, लाइट और अन्य साउंड सिस्टम सहित कुल 7 लाख 31 हजार रुपये का माल अपने कब्जे में लिया।
DJ के कर्कश आवाज से नागरिकों को होने वाली परेशानी और ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए बिना परवाने वालों पर पुलिस का यह कदम बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस का सख्त संदेश
त्योहार का आनंद मनाते समय नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। लेकिन बिना अनुमति के तेज आवाज में DJ बजाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने सीधे पूरी यंत्रणा ही जब्त कर ली। इससे साफ संदेश गया है कि नियम तोड़कर DJ बजाने वालों को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 सितंबर 2026 को जारी आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और 3(5) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 38 और 136 के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकडे और सहायक पुलिस अधीक्षक तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कुमार सुशांत के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक उमेश जोगदंड व बल्लारपुर पुलिस पथक ने की।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






