Vande Bharat Live TV News
देश • राज्य • जिला — खबरें तेज़, साफ और विश्वसनीय तरीके से
Udaipur

पंचायतीराज चुनाव – 2026

22 Oct 2026, 07:53 PM • Vande Bharat Live TV News
📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅
ChatGPT Image Sep 17 2026 05 38 13 PM

गिरीश कुमार वैष्णव
प्रथम चरण: लोकतंत्र के महापर्व में दिखी उत्साहपूर्ण भागीदारी
सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मतदान
प्रथम चरण में शाम छह बजे तक लगभग 64 फीसदी मतदान
जिले की 10 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 25 और पंचायत समिति के 160 वार्डों के लिए मतदान
उदयपुर, 22 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव 2026 के प्रथम चरण में गुरुवार को उदयपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के निर्देशन में जिले की 10 पंचायत समिति क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। जिले में प्रथम चरण में शाम 6 बजे तक कुल 63.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिले की पंचायत समिति गिर्वा, नाई, झाड़ोल, फलासिया, मावली, वल्लभनगर, भींडर, घासा, ओगणा तथा कुराबड़ में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान हुआ। प्रथम चरण में जिला परिषद के 25 निर्वाचन क्षेत्रों तथा पंचायत समितियों के 160 वार्डों के लिए मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला परिषद सदस्य पद के लिए 65 तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 435 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

मतदान केंद्रों पर सुबह से रेलमपेल
प्रथम चरण के मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही उत्साहपूर्ण माहौल रहा। मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करते नजर आए। सुबह 10 बजे तक जिले में कुल 10.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 34.94 प्रतिशत पहुंच गया। अपराह्न 3 बजे तक 48.86 फीसदी तथा शाम 6 बजे 63.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

यूं परवान चढ़ा लोकतंत्र के उत्सव का उत्साह
मतदान के शुरुआती तीन घंटों के आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक वल्लभनगर पंचायत समिति 15.30 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही थी। इसके बाद गिर्वा में 15.10 प्रतिशत, नाई में 14.79 प्रतिशत, ओगणा में 13.76 प्रतिशत, मावली में 12.50 प्रतिशत तथा झाड़ोल में 10.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी प्रकार घासा में 9.46 प्रतिशत, फलासिया में 8.88 प्रतिशत, कुराबड़ में 7.10 प्रतिशत तथा भींडर में 5.73 प्रतिशत मतदान हुआ था।

दोपहर 1 बजे तक पंचायत समिति नाई में सर्वाधिक 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं फलासिया में 42.15 प्रतिशत, गिर्वा में 40.84 प्रतिशत, ओगणा में 38.23 प्रतिशत तथा झाड़ोल में 37.53 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार घासा में 33.66 प्रतिशत, मावली में 33.40 प्रतिशत, कुराबड़ में 32 प्रतिशत, वल्लभनगर में 30.14 प्रतिशत तथा भींडर में 23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

अपराह्न 3 बजे तक जिले में 48.86 फीसदी मतदान हुआ। इसमें पंचायत समिति भींडर में 40.79 फीसदी, घासा में 46.62 प्रतिशत, गिर्वा में 53.27 प्रतिशत, झाड़ोल में 51.26 फीसदी, कुराबड़ में 44.26 फीसदी, मावली में 45.54 फीसदी, नाई में 63.40 फीसदी, ओगणा में 57.12 फीसदी, फलासिया में 57.26 प्रतिशत तथा वल्लभनगर में 43.15 फीसदी मतदान दर्ज हुआ।

शाम 6 बजे तक जिले में 63.81 फीसदी मतदान हुआ। इसमें पंचायत समिति भींडर में 59.93, घासा में 61.05, गिर्वा में 68.11, झाड़ोल में 73.50, कुराबड़ में 57.14 फीसदी, मावली में 55.32, नाई में 79 फीसदी, ओगणा में 61.93, फलासिया में 71 तथा वल्लभनगर में 60.91 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान के लिए प्रशासन मुस्तैद
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा। मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया की सुचारु व्यवस्थाओं के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दे रहा ग्रामीण मतदाताओं का उत्साह
पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचन को लेकर ग्रामीण मतदाताओं में दिखाई दे रहा उत्साह लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का संदेश दे रहा है। स्थानीय विकास और गांव की सरकार के गठन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान केंद्रों तक पहुंचे। मतदान के शुरुआती घंटों की तुलना में दोपहर तक मतदान प्रतिशत में हुई उल्लेखनीय वृद्धि ग्रामीण मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।

पहली बार मतदान का रोमांच
पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर पहली बार मतदान कर रहे युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह नजर आया। गांव की सरकार चुनने के लिए पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे युवाओं के चेहरों पर खुशी और गर्व के भाव दिखाई दिए। मतदान केंद्रों पर युवा मतदाताओं की भागीदारी ने लोकतंत्र के इस उत्सव में नई ऊर्जा का संचार किया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। पहली बार मतदान करने का रोमांच और गांव के विकास में अपनी भूमिका निभाने का उत्साह युवाओं में स्पष्ट दिखाई दिया।

उम्र का पड़ाव भी नहीं रोक पाया लोकतंत्र के प्रति समर्पण
लोकतंत्र के प्रति आस्था और मतदान के प्रति अटूट संकल्प की प्रेरणादायी तस्वीरें पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में देखने को मिलीं। उम्र के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके बुजुर्ग मतदाताओं ने भी गांव की सरकार चुनने में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। उम्र संबंधी परेशानियों के बावजूद बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वहन किया। बुजुर्गों का यह उत्साह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश बना। उन्होंने अपने मतदान से यह साबित किया कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बन सकती।

हौसलों के आगे छोटी पड़ी बाधाएं
पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में दिव्यांग और बीमार मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और जागरूकता का परिचय दिया। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद दिव्यांग मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान प्रक्रिया में भाग लेकर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। वहीं कई स्थानों पर गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मतदाताओं ने भी बूथों पर पहुंच कर वोट किया। गोटिपा निवासी संतोष कुंवर गंभीर रूप से अस्वस्थ तथा डायलिसिस पर हैं, इसके बावजूद उन्होंने मतदान केंद्र पहुंच कर मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अहमियत है।

आदर्श मतदान केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाओं से मतदाताओं को मिली राहत
पंचायतीराज चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान के दौरान आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। मतदान केंद्रों पर छाया, बैठक व्यवस्था और शुद्ध पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के माकूल इंतजाम किए गए। इन व्यवस्थाओं से मतदान के लिए पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं एवं अन्य मतदाताओं को विशेष राहत मिली। सुव्यवस्थित सुविधाओं के चलते मतदाताओं ने सहज एवं सुविधाजनक वातावरण में अपने मताधिकार का उपयोग किया।

सेवा और समर्पण की मिसाल बने स्वयंसेवक
मतदान के दौरान एनएसएस एवं स्काउट स्वयंसेवकों ने सेवा और समर्पण की अनुकरणीय मिसाल पेश की। मतदान केंद्रों पर तैनात स्वयंसेवकों ने मतदाताओं की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग किया। स्वयंसेवकों की सेवाभावी तत्परता से मतदाताओं को सुविधा मिली तथा मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। लोकतंत्र के इस महापर्व में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का प्रेरणादायी संदेश दिया।

कैप्शन
पीआरई फर्स्ट फेज वोटिंग 1 से 4 – उदयपुर। पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान मतदान केंद्रों पर लगी कतारें।

पीआरई फर्स्ट फेज वोटिंग 5 – उदयपुर। झाडोल में पहली बार मतदान करने के बाद उत्साहित युवती।

पीआरई फर्स्ट फेज वोटिंग 6 – उदयपुर। गोटिपा में बीमारी की हालत में भी मतदान के लिए पहुंची महिला।

पीआरई फर्स्ट फेज वोटिंग 7 – उदयपुर। आदर्श मतदान केंद्र झाड़ोल में मतदान के बाद सेल्फी पोईंट पर फोटो खिंचवाते दंपती।
—00—

पंचायतीराज चुनाव – 2026
284 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए नामांकन शुक्रवार को
मतदान 24 को
उदयपुर, 22 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव- 2026 के प्रथम चरण के तहत जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए नामांकन शुक्रवार को होगा। राज्य निर्वाचन आयेाग के निर्देशानुसार मतदान दलों ने इसके लिए तैयारियां पूर्ण कर ली है। पंच-सरपंच के लिए मतदान 24 अक्टूबर को होगा ।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रथम चरण में 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतो में कुल 284 सरपंच तथा कुल 2466 वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी। इसमें झाड़ोल में सरपंच के 34 एवं वार्ड पंच के 264 पद, फलासिया में सरपंच के 35 और वार्डपंच के 277, ओगणा में सरपंच के 24 और वार्डपंच के 176, गिर्वा में सरपंच के 27 एवं वार्डपंच के 229, नाई में सरपंच के 20 एवं वार्डपंच के 166, मावली में सरपंच के 29 एवं वार्डपंच के 285, घासा में सरपंच के 26 एवं वार्डपंच के 260, वल्लभनगर में सरपंच के 28 एवं वार्डपंच के 270, भीण्डर में सरपंच के 32 एवं वार्डपंच के 308 तथा कुराबड़ में सरपंच के 29 तथा वार्ड पंच के 227 पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी।

📣 शेयर करें: Facebook X Telegram LinkedIn लिंक कॉपी हो गया ✅

🔔 Vande Bharat News Alerts

नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।

संबंधित और ताज़ा खबरें

उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव: पहले चरण में 63.81% मतदान, नाई में सबसे ज्यादा 79 फीसदी वोटिंग
Udaipur22 Oct

उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव: पहले चरण में 63.81% मतदान, नाई में सबसे ज्यादा 79 फीसदी वोटिंग

उदयपुर में पंचायतीराज चुनाव: पहले चरण में 63.81% मतदान, नाई में सबसे ज्यादा 79 फीसदी वोटिंग 10 पंचायत…

पूरी खबर पढ़ें →
आरएलपी मंडल सदस्य प्रत्याशी सलीम सोलंकी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
Nagaur22 Oct

आरएलपी मंडल सदस्य प्रत्याशी सलीम सोलंकी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

पादूकला:राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की ओर से वार्ड संख्या 11 से मंडल सदस्य पद के प्रत्याशी सलीम सोलंकी…

पूरी खबर पढ़ें →
Vande Bharat Live TV NewsVande Bharat Live TV News
Jhalawar22 Oct

कंवरपुरा-मड़वालान पंचायत में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, सियासी हलचल तेज

खानपुर। पंचायत चुनाव को लेकर कंवरपुरा-मड़वालान ग्राम पंचायत क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। वार्ड 8…

पूरी खबर पढ़ें →
जिला परिषद वार्ड 21 में प्रेमसुख महिया का तूफानी जनसंपर्क, ग्रामीणों का मिल रहा सहयोग
Nagaur22 Oct

जिला परिषद वार्ड 21 में प्रेमसुख महिया का तूफानी जनसंपर्क, ग्रामीणों का मिल रहा सहयोग

नागौर। जिला परिषद सदस्य पद के उम्मीदवार प्रेमसुख महिया ने नागौर जिला परिषद के वार्ड संख्या 21 के…

पूरी खबर पढ़ें →
खारड़ा बांध के बावरी समाज ने वार्ड संख्या 11 के भाजपा प्रत्याशी रेखा देवी घीसुदास वैष्णव को दिया समर्थन।
Pali22 Oct

खारड़ा बांध के बावरी समाज ने वार्ड संख्या 11 के भाजपा प्रत्याशी रेखा देवी घीसुदास वैष्णव को दिया समर्थन।

खारड़ा बांध के बावरी समाज ने वार्ड संख्या 11 के भाजपा प्रत्याशी रेखा देवी घीसुदास वैष्णव को दिया…

पूरी खबर पढ़ें →
error: Content is protected !!