सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी गई पॉक्सो एक्ट एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सूरजपुर / बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण, उनके अधिकारों एवं सुरक्षित वातावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सूरजपुर में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित इस अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों से अवगत कराना तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान की थीम जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण हर बच्चे का अधिकार तथा मूल संदेश हर बच्चे का बचपन, हम सबकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री हिमांशु पण्डा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, 2012 के विभिन्न प्रावधानों की सरल एवं सहज भाषा में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा, गरिमा एवं अधिकारों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग, ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने तथा किसी भी अनुचित परिस्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति एवं संबंधित प्राधिकरण से सहायता लेने के संबंध में जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, विधिक सहायता एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कानूनी सेवाओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में बताया गया। अभियान के तहत प्रथम चरण में 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक एक सप्ताह का गहन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण में 12 नवंबर 2026 से नवंबर 2027 तक विद्यालय स्तर पर क्षमता निर्माण एवं जागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर के अध्यक्ष श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन एवं प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुनील कुजूर, वरिष्ठ एवं प्रभारी शिक्षक श्री ओमप्रकाश राजवाड़े तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स श्री सत्य नारायण एवं श्री उमेश कुमार राजवाड़े उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







