*22 से 26 अक्ट्रबर तक 23 वाहनों के आनलाइन चालान, र12.63 लाख की शास्ति आरोपित; 14 वाहनों से र7.80 लाख राजकीय कोष में जमा

रिपोर्टर समसुद्दीन अली शेख,, हमीरपुर**
**दिनांक: 26 अक्टूबर, 2026**
# जिलाधिकारी ने पत्योरा खदान खंड 31/8 का किया औचक निरीक्षण, अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
**22 से 26 अक्टूबर तक 23 वाहनों के ऑनलाइन चालान, ₹12.63 लाख की शास्ति आरोपित; 14 वाहनों से ₹7.80 लाख राजकीय कोष में जमा**
**अवैध खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पांच विशेष टीमें गठित, दिन-रात की जा रही निगरानी।**
**हमीरपुर।** जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने तहसील हमीरपुर के पत्योरा गांव स्थित खदान खंड संख्या 31/8 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार, खान अधिकारी श्री विकास सिंह परमार तथा खान निरीक्षक श्री उमाकांत उपस्थित रहे। इस दौरान खदान क्षेत्र में खनन एवं परिवहन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खदान क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी रखने तथा वैकल्पिक रास्तों से संभावित अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वाहनों के वजन की जांच के लिए स्थापित धर्मकांटे का बांट-माप विभाग से अनिवार्य सत्यापन एवं प्रमाणन कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खदानों से बिना वैध रॉयल्टी एवं आवश्यक ई-फॉर्म/एम-फॉर्म के खनिजों का परिवहन, ओवरलोडिंग तथा अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पट्टाधारक सहित संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
### 23 वाहनों के चालान, ₹12.63 लाख की शास्ति आरोपित
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में 22 से 26 अक्टूबर, 2026 के मध्य भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय तथा जनपद के खनन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त पाए गए 23 वाहनों का ऑनलाइन चालान करते हुए कुल ₹12.63 लाख की शास्ति आरोपित की गई। इनमें से 14 वाहनों के माध्यम से ₹7.80 लाख की धनराशि शास्ति के रूप में राजकीय कोष में जमा कराई जा चुकी है।
### पांच विशेष टीमों के माध्यम से दिन-रात निगरानी
जनपद में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए जनपद स्तर पर चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि एक अतिरिक्त टीम भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय स्तर से गठित की गई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में खनन विभाग की टीमों द्वारा दिन एवं रात्रि में लगातार जांच एवं चेकिंग की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खनन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






