।
रेवाड़ी( सुरेश सिहाग )पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर अमल करते हुए चौकी गोकल गेट पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मासूम बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। परिजनों ने अपने बच्ची को सही-सलामत पाकर रेवाड़ी पुलिस का आभार जताया।
घटना का विवरण:
जांचकर्ता ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6:30 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पंजाबी मार्केट के पास एक 3 साल की बच्ची लावारिस हालत में घूमती दिखाई दी। पुलिस द्वारा बच्ची को तुरंत अभिरक्षा में लिया गया। मासूम बच्ची अत्यंत छोटी होने के कारण अपने घर का पता बताने में असमर्थ थी।
तत्पश्चात बच्ची को चौकी गोकल गेट लाया गया, जहां पुलिस कर्मचारियों ने उसका ख्याल रखा और आसपास के इलाकों में तत्परता से परिजनों की तलाश शुरू की।
त्वरित जांच और परिजनों की तलाश:
सघन पूछताछ और स्थानीय नेटवर्क की मदद से पुलिस टीम को जानकारी मिली कि बच्ची वार्ड न. 04 नजदीक नसियाजी चौक रेवाड़ी की रहने वाली हैं। पुलिस ने तुरंत उनके परिजनों से संपर्क किया।
नाबालिग बच्ची की माता ने बताया कि बुधवार शाम सुबह को उनकी बेटी बाजार में सामान खरीदते वक्त उनसे बिछड़ गई थी। परिजन अपने स्तर पर भी बच्ची की काफी तलाश कर रहे थे और अत्यधिक चिंतित थे।
परिजनों ने जताया आभार:
चौकी गोकल गेट पुलिस द्वारा मासूम बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। बच्ची को सही-सलामत देखकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने पुलिस की मुस्तैदी, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए रेवाड़ी पुलिस टीम का तहे दिल से धन्यवाद किया।
पुलिस अपील:
रेवाड़ी पुलिस आमजन से अपील करती है कि छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। यदि किसी को भी कोई लावारिस या भटका हुआ बच्चा दिखाई दे, तो तुरंत निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर सूचना दें।