शहडोल की विवादित ट्रैवल एजेंसी बॉबी ट्रेवल्स एक बार फिर से सुर्खियों में प्रयागराज से लौट रहे शोकाकुल परिवार के साथ सरेराह मारपीट, महिलाओं से अभद्रता

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज के लिए शहडोल से शुभम सिंह बिसेन (जिला ब्यूरो शहडोल)
बॉबी ट्रेवल्स संचालक और बेटे पर मामला दर्ज
अतिरिक्त किराए की अवैध वसूली को लेकर हुआ विवाद, सोहागपुर थाना पुलिस ने रीवा होटल के पास पहुंचकर दर्ज की एफआईआर
शहडोल। अंतिम संस्कार के बाद प्रयागराज से लौट रहे कोतमा निवासी एक शोकाकुल परिवार के साथ शहडोल में सरेराह गुंडागर्दी और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बॉबी ट्रेवल्स के संचालक और उसके बेटे ने अतिरिक्त किराए व अवैध रकम की मांग को लेकर बीच सड़क पर हंगामा खड़ा कर दिया और वाहन में सवार महिलाओं के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। घटना में दो महिलाएं घायल हुई हैं। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेवल्स संचालक व उसके बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामा के शव को लेकर प्रयागराज गया था परिवार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतमा निवासी 20 वर्षीय कार्तिकेय वाजपेयी अपने मामा के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बॉबी ट्रेवल्स के एम्बुलेंस वाहन (क्रमांक CG 10 BH 7820) से प्रयागराज लेकर गए थे। इस वाहन में कार्तिकेय के साथ उनकी मां अनीता वाजपेयी, मौसी ममता शुक्ला, नानी तथा परिवार की अन्य महिलाएं मौजूद थीं।
पूरा किराया लेने के बाद भी रास्ते में भरवाया डीजल
पीड़ित कार्तिकेय वाजपेयी के अनुसार, प्रयागराज से वापसी पहले से तय नहीं थी। इसके बावजूद ट्रेवल्स संचालक ने दोनों तरफ का कुल 16 हजार रुपये किराया पहले ही ले लिया था। इसके बाद रास्ते में फिर दबाव बनाकर 2500 रुपये का डीजल भी पीड़ित परिवार से ही डलवाया गया।
रीवा होटल के पास रोका वाहन, महिलाओं को पीटा
वाहन जब शहडोल में रीवा होटल के पास पहुंचा, तो सुबह लगभग 10 बजे चालक और संचालक ने अतिरिक्त रुपयों की नाजायज मांग शुरू कर दी। परिवार द्वारा विरोध जताने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संचालक के बेटे ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे उसमें सवार एक महिला असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी। इसके बाद संचालक बॉबी उर्फ सुनील लाम्बा, उसके बेटे प्रथम लाम्बा और अन्य लोगों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए महिलाओं के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित हमले में दो महिलाओं को गंभीर चोटें आईं और मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दर्ज की एफआईआर
घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना प्रभारी संजय जायसवाल तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर ही एफआईआर दर्ज करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। सोहागपुर पुलिस ने बॉबी ट्रेवल्स के संचालक बॉबी उर्फ सुनील लाम्बा और उसके पुत्र प्रथम लाम्बा के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







