4 मई 1799 का दिन था। अंग्रेजी सेना ने मैसूर की राजधानी श्रीरंगपट्टनम को चारों तरफ से घेर लिया था।
किले की दीवारों पर हमला हो रहा था और हर तरफ अफरा-तफरी मची थी। इसी बीच अंग्रेज सैनिक किले में दाखिल होने लगे।
मैसूर के शासक टीपू सुल्तान के पास बच निकलने का रास्ता था, लेकिन उन्होंने मैदान छोड़ने के बजाय मुकाबला जारी रखा। लड़ते-लड़ते वे शहीद हो गए।
उनके निधन के साथ ही मैसूर की आजादी का एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया। टीपू सुल्तान ने अपनी पूरी हुकूमत के दौरान अंग्रेजों का विरोध किया और फ्रांस जैसी विदेशी ताकतों से मदद लेने की कोशिश भी की।
उनकी मौत के बाद अंग्रेजों ने मैसूर पर अपना प्रभाव बढ़ा लिया। आज भी टीपू सुल्तान का नाम 18वीं सदी के उन शासकों में लिया जाता है, जिन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी की बढ़ती ताकत को चुनौती दी थी।