बस्तर में गांडा समाज का ऐतिहासिक दो दिवसीय ‘बूढ़ादेव महोत्सव एवं गांडा गौरव दिवस’ संपन्न: आदिवासीकरण की मांग पर उठी एक सुर में आवाज

कोंडागांव/केशकाल:
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल टाटामारी (केशकाल) में मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गांडा समाज के तत्वावधान में दो दिवसीय 'बूढ़ादेव महोत्सव एवं गांडा गौरव दिवस' अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सज-धजकर पहुंचे समाज के हजारों लोगों ने अपनी संस्कृति और एकता का अनूठा संदेश दिया।
प्रथम दिवस:
देवी-देवताओं की स्थापना और सांस्कृतिक स्वागत
कार्यक्रम के पहले दिन विधिवत रूप से समाज और क्षेत्र के देवी-देवताओं को स्थल पर विराजित किया गया। इस दौरान बस्तर के महाराज कमल चंद भंजदेव का पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। महाराज ने समाज को संबोधित करते हुए गांडा जाति के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व लोकसभा सांसद मोहन मंडावी ने अपने संबोधन में कहा कि "गोंड और गांडा भाई हैं, जिनकी रीति-नीति और संस्कृति एक समान है।" रात्रि कालीन सत्र में स्थानीय देवी-देवताओं की विशेष आराधना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया।
द्वितीय दिवस:
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन और मुख्य मांग
महोत्सव के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विशेष आगमन हुआ। मंच के माध्यम से गांडा समाज ने अपनी मूल पहचान और 'आदिवासीकरण' की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया।
समाज के प्रमुखों ने स्पष्ट किया कि गांडा समाज मूलतः आदिवासी समाज है और पूर्व में जनजाति वर्ग में शामिल था, लेकिन प्रशासनिक त्रुटिवश यह अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में आ गया है। समाज ने मांग की कि उन्हें पुनः अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग में शामिल किया जाए।
दिग्गजों का मिला खुला समर्थन
बस्तर महाराज कमल चंद भंजदेव ने समाज की इस न्यायसंगत मांग का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि वे इस मुहिम में हर कदम पर समाज के साथ खड़े हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समाज को आश्वस्त किया कि उनकी इस महत्वपूर्ण मांग को हर स्तर पर उठाया जाएगा और सदन तक इस पर आवाज बुलंद की जाएगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक श्री नीलकंठ टेकाम जी एवं पूर्व विधायक श्री संतराम नेताम जी का भी विशेष आगमन हुआ। श्री रवि घोष जी सहित श्रीमति सावित्री मंडावी जी का भी आगमन हुआ।
दो दिवसीय इस महामहोत्सव में चंद्रप्रकाश कुलदीप की सांस्कृतिक कार्यक्रम टोली सहित समाज के युवाओं और कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य व विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने बस्तर की लोक संस्कृति को एक नई ऊर्ध्वाधर पहचान दी।
विशेष आकर्षण: महोत्सव के दौरान समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता मुख्य केंद्र बिंदु रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





