सांसद-नेताओं के क्षेत्र में भी सुरक्षित नहीं जनता! पाली में खुले ट्रांसफॉर्मर और लटकते तार, शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग मौन क्यों?

⚡ सांसद और नेताओं के क्षेत्र में भी बिजली विभाग की लापरवाही! नगर पंचायत पाली में जगह-जगह खुले ट्रांसफॉर्मर और लटकते तार, शिकायतों के बाद भी सुधार क्यों नहीं?
पाली (जिला कोरबा, छत्तीसगढ़)।
नगर पंचायत पाली क्षेत्र में बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के अलग-अलग स्थानों पर बिजली ट्रांसफॉर्मर खुले पड़े हैं और बिजली के तार लटकते दिखाई दे रहे हैं। यह स्थिति आम नागरिकों के लिए कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जनपद पंचायत कार्यालय मार्ग पर मंदिर के बाईं ओर, पाली गार्डन पार्क के पास गर्ल्स हॉस्टल के सामने तथा गायत्री मंदिर के पास पोड़ी चौक मार्ग पर ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन स्थानों पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से स्थायी सुधार नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
जब नगर के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह की स्थिति बनी हुई है, तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे? क्या विभाग किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
शिकायत के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं?
स्थानीय लोगों का सवाल है कि बिजली विभाग को शिकायतें मिलने के बावजूद अब तक सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ? क्या शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित रखा जा रहा है?
जब जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार नेताओं के क्षेत्र में भी ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है, तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बिजली विभाग से जनता के सीधे सवाल:
– खुले ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षित क्यों नहीं किया जा रहा?
– लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित क्यों नहीं किया जा रहा?
– पहले हुई दुर्घटनाओं के बाद भी स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ?
– शिकायतों के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण और कार्रवाई क्यों नहीं की?
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल तीनों स्थानों सहित नगर पंचायत पाली के अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करे। ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा घेरा लगाया जाए, खुले बिजली उपकरणों को सुरक्षित किया जाए और लटकते तारों को दुरुस्त किया जाए।
आखिर लोगों की जान की कीमत कब समझेगा बिजली विभाग? दुर्घटना होने के बाद मुआवजा और जांच करने से बेहतर है कि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
अब देखना यह है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस खबर और जनता की मांग पर कब तक संज्ञान लेते हैं।
—
✍️ निलेश कुमार
जिला संवाददाता (DISTRICT REPORTER)
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ एवं समृद्ध भारत समाचार
कार्य क्षेत्र: जिला कोरबा, छत्तीसगढ़।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





