छत पर बागवानी और रसोई के कचरे से जैविक खाद बनाने का विद्यार्थियों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ ने बताईं

छत पर बागवानी और रसोई के कचरे से जैविक खाद बनाने का विद्यार्थियों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ ने बताईं कम लागत वाली तकनीकें, जीरो बजट फार्मिंग के प्रति किया जागरूक
कटनी/विजयराघवगढ़। विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में छत पर बागवानी एवं रसोई के कचरे से जैविक खाद तैयार करने का तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को कम लागत में घर पर ही जैविक खेती और बागवानी करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को रूफटॉप गार्डनिंग (टेरेस गार्डनिंग) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर की खाली छत का सदुपयोग कर कम जगह में ही सब्जियां, फल, फूल और औषधीय पौधे उगाए जा सकते हैं। इसके लिए महंगे संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर कम लागत में अच्छी बागवानी की जा सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को गमलों की तैयारी, मिट्टी एवं अन्य आवश्यक सामग्री की भराई, पौधों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन और गमलों को व्यवस्थित ढंग से रखने की तकनीक समझाई गई। साथ ही पत्तेदार सब्जियां, फलदार पौधे, फूल, जड़ी-बूटियां एवं शोभादार पौधों के चयन की जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने पौधों के बेहतर विकास के लिए खाद एवं पोषक तत्वों के उपयोग, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण तथा कीट एवं रोगों से बचाव के उपायों पर भी तकनीकी जानकारी प्रदान की।
रसोई के कचरे से तैयार होगी जैविक खाद
प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा रसोई के जैविक कचरे से कंपोस्ट खाद तैयार करने की प्रक्रिया रही। विद्यार्थियों को बताया गया कि घरों से निकलने वाले सब्जियों के छिलके, भोजन के अवशेष और अन्य जैविक अपशिष्ट को उचित तरीके से विघटित करके उपयोगी जैविक खाद बनाई जा सकती है। इस खाद का इस्तेमाल गमलों, घरेलू बागवानी और खेतों की मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में किया जा सकता है।
विशेषज्ञ ने बताया कि रसोई के जैविक कचरे का खाद के रूप में उपयोग करने से जहां कचरा प्रबंधन बेहतर होता है, वहीं रासायनिक खाद पर निर्भरता भी कम की जा सकती है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ कम खर्च में जैविक खेती को प्रोत्साहन मिलता है।
प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को जीरो बजट फार्मिंग, जैविक खाद निर्माण और घरेलू बागवानी की ऐसी तकनीकों से परिचित कराया गया, जिन्हें वे अपने घरों में अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
—
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





