गाजीपुर: इंडियन गैस उसिया में फिर होम डिलीवरी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, पचौरी गांव में ₹1050 लेने का दावा, दो उपभोक्ताओं ने वीडियो बयान में खोली पोल!
पचौरी (विकासखंड भदौरा, गाजीपुर)।
गाजीपुर जनपद में गैस सिलेंडर वितरण के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार मामला इंडियन गैस एजेंसी उसिया से जुड़ा है। विकासखंड भदौरा के पचौरी गांव में होम डिलीवरी के नाम पर गैस सिलेंडर के लिए ₹1050 वसूले जाने का आरोप लगा है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि निर्धारित कीमत ₹1022 है।
मामले को लेकर पचौरी गांव के दो उपभोक्ताओं ने अपना बयान वीडियो के माध्यम से दिया है। दोनों के बयान के वीडियो सामने आने के बाद गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के नाम पर ₹1022 के स्थान पर ₹1050 लिए जा रहे हैं। यानी उपभोक्ताओं से ₹28 अतिरिक्त वसूले जाने का आरोप है।
इस मामले से जुड़ी तस्वीर में गैस सिलेंडरों से लदा वाहन भी दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली कब तक होती रहेगी और जिम्मेदार विभाग इस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है?
विजय भारत गैस के बाद अब इंडियन गैस उसिया का मामला
गौरतलब है कि इससे पहले विजय भारत गैस एजेंसी से जुड़े मामले में भी होम डिलीवरी के नाम पर कथित अतिरिक्त वसूली का मामला सामने आया था। अब इंडियन गैस उसिया से जुड़े पचौरी गांव के इस मामले ने एक बार फिर गैस वितरण व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधिकारियों की मिलीभगत के आरोप, जांच की मांग
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या गैस एजेंसियों में चल रही कथित अनियमितताओं के पीछे विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत है? हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पचौरी गांव में हुई कथित अतिरिक्त वसूली की जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि दो उपभोक्ताओं के वीडियो बयान सामने आने के बाद विभागीय अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के नाम पर कथित अवैध वसूली से राहत मिल पाती है।
इंडियन गैस एजेंसी मालिक को फोन कर कर उनसे बयान लिया गया परंतु उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया