जिला पदाधिकारी, गया ने हरी झंडी दिखाकर 28किसानों के दल को किया रवाना l

प्रेस विज्ञप्ति
(27.11.2026/कृषि विभाग/गया)
*उद्यान महाविद्यालय नूरसराय नालन्दा में ‘‘बाग की तैयारी और प्रबंधन’’ सीखेंगे किसान*
*जिला पदाधिकारी, गया ने हरी झण्डी दिखाकर 28 किसानों के दल को किया रवाना*
*28 नवम्बर से 02 दिसम्बर तक लेंगे प्रशिक्षण*
आज दिनांक 27.11.2026 को श्री शशांक शुभंकर, जिला पदाधिकारी, गया ने समाहरणालय गया से 28 किसानों के दल को हरी झण्डी दिखाकर उद्यान महाविद्यालय, नूरसराय नालन्दा, बिहार में बाग की तैयारी और प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण लेने के लिये रवाना किया। ये किसान दिनांक 28 नवम्बर से 02 दिसम्बर तक 05 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाग की तैयारी और उसके प्रबंधन की उन्नत तकनीकी सीखेंगे। इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुये जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण में सिखाई गई तकनीक को किसान अपने खेतों में उतारने के साथ ही अपने गॉव और क्षेत्र के अन्य किसानों को अपनाने के लिये प्रेरित भी करना है।
कृषि विभाग अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), गया द्वारा किसानों के क्षमता संवर्द्धन के लिये राज्य के अंदर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें गया जिला के विभिन्न प्रखण्डों के किसान उपयोगी विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। किसानों को संस्थान तक लाने ले जाने, उनके आवासन और भोजन आदि का व्यय योजना के प्रावधान के अनुरुप किया जाता है।
किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से करने के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित होने के पश्चात किसानों को गया जिला की वेबसाईट https://gaya.nic.in पर आवेदन करने का समय दिया गया। निर्धारित समय-सीमा के अंदर आवेदन करने वाले किसानों में से 28 किसानों का चयन किया गया और उन्हे प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु भेजा जा रहा है।
उद्यान महाविद्यालय, नूरसराय, नालन्दा की स्थापना बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर भागलपुर के अंतर्गत उद्यानिक फसलों वैज्ञानिक खेती और उन्नत तकनीकों के प्रचार प्रसार के उद्देश्य से किया गया है। संस्थान में उद्यान विषय में स्नातक की शिक्षा देने के साथ ही फल, सब्जी, फूल आदि पर शोध भी किया जाता है। किसानों की आय बढ़ाने और नियमित आय का साधन बनाये रखने में बाग की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसी उद्देश्य से किसानों को इस प्रशिक्षण के लिये भेजा जा रहा है।
किसानों के दल के साथ टीमलीडर के रुप में श्री चन्दन कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक, गुरारु एवं श्री रवि रंजन, सहायक तकनीकी प्रबंधक, बाराचट्टी कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। आज रवाना हुये 28 किसानों में फतेहपुर से श्रीमती रितू कुमारी एवं श्रीमती अंकिता कुमारी, परैया से श्री कृष्ण मुरारी, कोंच से श्री दीपक कुमार तथा डुमरिया से श्री विकास कुमार सहित अन्य किसान सम्मिलित हैं। किसानों की रवानगी के अवसर पर श्री संजीव कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा एवं कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित थे।
(संजीव कुमार)
जिला कृषि पदाधिकारी-सह-
परियोजना निदेशक, आत्मा, गया।
रिपोर्टर -त्रिलोकी नाथ गयाजी बिहार
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






