ग्राम पंचायत ककेड़ी में बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पथरिया थाना अंतर्गत साकेत चौकी के प्रभारी श्री रोशन लाल टंडन ने उपस्थित ग्रामवासियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
चौकी प्रभारी श्री टंडन ने ग्रामीणों को समझाते हुए बताया कि कानून के अनुसार लड़कियों की विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से पहले विवाह करना बाल विवाह की श्रेणी में आता है और यह कानूनन अपराध है। बाल विवाह के कारण बच्चों की शिक्षा अधूरी रह जाती है, उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा भविष्य में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के अवसर सीमित हो जाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल ग्राम पंचायत के सरपंच, कोटवार अथवा नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना देकर इसे रोकने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा मुंगेली की जिला मंत्री रानी जायसवाल, डड़सेना कलार समाज के जिला महासचिव एवं भाजपा मंडल सरगांव के मंत्री रामकिशुन जायसवाल, द्रोपती जायसवाल, इंदु पटेल, माधुरी, परस ध्रुव, ग्राम कोटवार दिलीप सिंह चौहान, सूरज पटेल सहित मितानिन, स्व-सहायता समूह की दीदियां, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
वहीं साकेत चौकी प्रभारी श्री रोशन लाल टंडन के साथ सचिन नामदेव, आरक्षक अमित बारले एवं राम परस्ते भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों ने बाल विवाह को रोकने, बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस तरह का आयोजन निश्चित ही बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।