कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त कराने के निर्देश, डीएम ने एक सप्ताह में कार्रवाई के दिए आदेश

ब्रेकिंग न्यूज़ बदायूं
सत्येंद्र सिंह की रिपोर्ट
जिला रिपोर्टर बदायूं
कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त कराने के निर्देश, डीएम ने एक सप्ताह में कार्रवाई के दिए आदेश
बदायूं, 27 नवंबर। आगामी दिनों में कोहरे की बढ़ती संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार लाइटें एवं संकेतक लगवाने के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा है। इसके लिए तीन टीमें गठित कर एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी अवनीश राय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों के साथ जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। बैठक में शहर की जाम समस्या के समाधान के लिए गठित समिति द्वारा एक माह बाद भी सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 22 अक्टूबर की बैठक में पुलिस, परिवहन, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की समिति बनाकर सर्वे रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन अभी तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई।
डीएम ने सड़क सुरक्षा के लिए तीन टीमें गठित करने के निर्देश दिए। पहली टीम बदायूं में नवादा से कछला तक, दूसरी टीम नवादा से बरेली तक और तीसरी टीम गंगा एक्सप्रेसवे के एक इंटरचेंज से दूसरे इंटरचेंज तक निरीक्षण करेगी। टीमें जरूरत के अनुसार लाइटें, संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने चीनी मिल प्रबंधकों को अभियान चलाकर गन्ना ढोने वाली ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने तथा वन विभाग को सभी मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। अधिक यातायात दबाव वाले मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम प्राथमिकता से कराने को कहा।
इंटरचेंज के पास स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
गंगा एक्सप्रेसवे के बरेली, बिसौली और दातागंज रोड स्थित तीन इंटरचेंज के आसपास के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए। डीएम ने कहा कि किसी भी सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने पूर्व में दुर्घटनाएं होने वाले स्थानों पर उनके कारणों की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए। एसएसपी कार्यालय से आगे अंडरपास से पहले सड़क पर बने गड्ढे को तत्काल भरवाने तथा पुलिस लाइन और पुलिस परेड ग्राउंड के आमने-सामने स्थित गेटों के पास रम्बल स्ट्रिप लगवाने को भी कहा।
पिछले वर्ष की अपेक्षा दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत कमी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अक्टूबर माह में सड़क दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। टी-जंक्शन सुधार के तहत पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर लोक निर्माण विभाग ने कार्य कराए हैं। जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत मुरादाबाद-फर्रुखाबाद, बदायूं-बिजनौर और मेरठ-बदायूं मार्ग सहित तीन कॉरिडोर पर भी सुधार कार्य कराए जाएंगे।
डीएम ने 520 बी बरेली-मथुरा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर उसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील कुमार, एआरटीओ हरिओम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







