
कथा में हनुमान जी की उतारी गयी आरती, भजन संकीर्तन में रमे श्रद्धालु
लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के भदारीकला गांव में हो रही श्रीशिवशक्ति नारायण महायज्ञ में मंगलवार को श्री हनुमान जी की भव्य आरती उतारी गयी। वहीं कथा में पं. सिद्ध विनायक ओझा ने कहा कि हनुमान जी में अतुलित बल के साथ अतुलित ज्ञान का होना ही सर्वश्रेष्ठता है। उन्होनें कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति अनुराग की निर्मलता जीवन के पथ को सुगम बना दिया करती है। कथा के संयोजक पं. शिवाकांत द्विवेदी व कंचनलता ने देवाधिदेव महादेव व भगवान श्रीराम के संकीर्तन का संयोजन किया। सह संयोजक भोला यादव ने व्यासपीठ का पूजन किया। इस मौके पर गिरिजाकांत द्विवेदी, रामकृष्ण ओझा, राजेन्द्र तिवारी, रंग बहादुर सिंह आदि रहे।








