
सीकर. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को विश्वेश्वर लाल दूजोद वाला महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय दूजोद में भामाशाहों का सम्मान किया। शिक्षा मंत्री दिलावर ने पुखराज सिंह एवं उनके भाईयों द्वारा निर्मित विद्यालय मुख्य प्रवेश द्वार का उद्घाटन, मोहन सिंह शेखावत एवं उनके भाईयों द्वारा निर्मित कक्षा-कक्ष, सरदार सिंह शेखावत एवं उनके भाईयों द्वारा निर्मित नवीन कक्षा-कक्ष का उद्घाटन किया। इसके बाद केशर देव खण्डेलवाल एवं भाईयों द्वारा निर्मित कार्यालय कक्ष का शिलान्यास किया। शिक्षा मंत्री दिलावर तथा अन्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय संस्था प्रधान रामावतार बियाणियां एवं समस्त स्टाफ द्वारा किया गया। तत्पश्चात भामाशाहों का शिक्षा मंत्री द्वारा नागरिक अभिनन्दन एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ द्वारा विद्यालय को वाटर कूलर भेंट कर एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया गया। शिक्षा मंत्री ने अपने उद्बोधन में विशेष रूप से शिक्षा का महत्व, पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया तथा साथ ही प्रत्येक नागरिक द्वारा 7 अगस्त, 2024 को कम से कम 5 पौधों का वृक्षारोपण करने का आह्वाहन किया। शिक्षा मंत्री द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय को राज्य सरकार कोष से 5 कमरों के निर्माण की घोषणा की गई एवं बालिका विद्यालय में राजकीय कोष से सुलभ शौचालय के निर्माण की घोषणा के साथ ही बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में वर्षों से लम्बित विज्ञान संकाय खोलने की मांग को सहर्ष स्वीकार कर इसी सत्र से संकाय की शुरूआत करने की घोषणा की।
इस अवसर पर धोद विधायक गोरधन वर्मा, स्वामी सुमेधानन्द सरस्वती पूर्व सांसद, हरिराम रणवां, संयुक्त निदेशक चुरू संभाग अनुसूया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचंद नहलिया, जिला शिक्षा अधिकारी शीशराम कुल्हरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुमित्रा झाझडिया, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीताराम खारिया, सरपंच दूजोद हंसा कवंर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं, समस्त स्टाफ एवं काफी संख्या में गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।