
vande bharat live tv news कैमूर बिहार से अफसार आलम की रिपोर्ट 
कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती के चौथे चरण की परीक्षा संपन्न
4646 में से 3687 परीक्षार्थियों ने दिया परीक्षा,
959 रहे अनुपस्थित .
केन्द्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा का चौथा चरण कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। भारत बंद के कारण सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिल नहीं दी गई। जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केन्द्रों पर कुल 4646 परीक्षार्थियों में 3687 ने परीक्षा दिया जबकि 959 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला प्रशासन सुबह से ही काफी सतर्क रहा। कदाचारमुक्त एवम् शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ के द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 गज के परिधी में सुबह 8:00 बजे से परीक्षा की समाप्ति तक निषेधाज्ञा लागू रहा। उड़नदस्ता दल के दण्डाधिकारी/पदाधिकारी पुलिस पदाधिकारी ने अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।
पुलिस की नजर न केवल परीक्षा केंद्रों पर रही बल्कि स्थानीय लॉज, होटल, विवाह भवन सहित कोचिंग संस्थानों और फोटो स्टेट की दुकानों तक सतर्कता रही। जिला नियंत्रण कक्ष से हर एक परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष तथा केंद्र अधीक्षक कक्ष की सीसीटीवी द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही थी। परीक्षा केंद्र पर किसी भी व्यक्ति के पास मोबाइल रखने की अनुमति नहीं थी। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता का यह आलम था कि परीक्षा केंद्र के दूर-दूर तक असामाजिक व्यक्ति नहीं दिखे। जिला पदाधिकारी और आरक्षी अधीक्षक स्वयं भी कई परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उप विकास आयुक्त जो पूरी परीक्षा के वरीय प्रभारी हैं, वे भी सुबह से सभी सेंटरों का जायजा लेते दिखे।
पूर्वाह्न 10:30 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। 10:30 के बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। सभी केंद्रों पर जैमर लगाया गया था। परीक्षा के दौरान कोई भी लिखित सामग्री, सादा कागज, क्लिप बोर्ड, स्लाइड रुल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना वर्जित था। परीक्षा में अभ्यर्थियों को कोई भी लेखन सामग्री लेकर नहीं जाना था। लेखन सामग्री अभ्यर्थियों को परीक्षा के शुरू होने से पहले ही मुहैया कराया गया।
सिपाही भर्ती परीक्षा का अगला चरण 25 अगस्त को होगा। बिहार पुलिस संगठन में रिक्त पदों को भरने के लिए केन्द्रीय चयन पर्षद द्वारा सिपाही भर्ती परीक्षा 6 चरणों में आयोजित की जा रही है।





