
दो छात्राओं की मौत, विद्यालय स्टॉफ व अन्य पर दर्ज हुई रिपोर्ट
कुरावली (एसएनबी)। क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर मे एक साथ हुई दो छात्राओं की मौत का जिम्मेदार कॉलेज के स्टॉफ व अन्य के द्वारा परेशान करने पर कुछ खा कर मृत्यु हो जाने का आरोप लगाते पीड़ितों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई है । रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच शुरु कर दी है। ग्राम कल्याणपुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र साधूराम व कुंवर सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया मेरी पुत्रियां अंशिका (16) पुत्री देवेंद्र सिंह व दिव्या (16) पुत्री कुंवर सिंह एक साथ आरकेएस इंटर कालेज सोहर रोड मलावन जनपद एटा मे पढ़ती थी। विद्यालय स्टॉफ व अन्य के द्वारा पुत्रियों को लगातार परेशान किया जा रहा था। जिससे आहत व निराश होकर 27 अगस्त को विद्यालय से लौटते समय अज्ञात पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली व एटा ले गये जहां उपचार के दौरान दोनो पुत्रियों की मृत्यु हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस द्वारा घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।






