
अंबेडकरनगर। जिले में तीन अक्तूबर से शुरू हो रहे मां दुर्गा की आराधना के महापर्व नवरात्र की तैयारियां दिखने लगी हैं। इस बार जिले में 1726 स्थानों पर पंडाल बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
प्रशासन के आकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक पूजा पंडाल अकबरपुर सर्किल में लगेंगे। दूसरे नंबर पर टांडा व तीसरे नंबर पर बसखारी क्षेत्र है।
इसके मद्देनजर जनपद पुलिस अपने स्तर से यह सुनिश्चित कराने में जुटी है कि कहीं कोई नई परंपरा न शुरू हो। पुलिस की ओर से सभी पूजन समितियों से अपील की गई है कि वे सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करें। एएसपी के अनुसार पहली बार मूर्तिकारों की संख्या की भी गणना कराई गई। जनपद में 81 मूर्तिकार हैं। इसमें दूसरे प्रांतों के कारीगर भी शामिल हैं जो शहर के कोतवाली समेत कई स्थानों पर देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार करने में जुटे हैं।
यहां लगेंगे इतने पंडाल
अकबरपुर में 258, बेवाना में 81, सम्मनपुर में 108, बसखारी में 115, टांडा में 124, अलीगंज में 61, इब्राहिमपुर में 111, हंसवर में 53, भीटी में 90, अहिरौली में 65, महरुआ में 77, जलालपुर में 93, जैतपुर में 83, मालीपुर में 80, कटका में 97, आलापुर में 92, जहांगीरगंज में 62 व राजेसुलतानपुर में 76 पंडाल बनाकर दुर्गा प्रतिमा की स्थापना होगी।
पंडालों पर लगवाएं सीसीटीवी
जनपद में 1726 स्थानों पर दुर्गा पंडाल सजाए जाएंगे। मूर्तिकारों की भी गणना कराई गई है। पुलिस-प्रशासन ने सभी को सूचीबद्ध कर लिया है। समितियों को कोई नई परंपरा न शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अपील की गई है कि वे अपने पंडालों पर सीसीटीवी भी लगवाएं। -विशाल पांडेय, एएसपी पश्चिमी















