
अंबेडकरनगर।रेलवे सुरक्षा बल ने मंगलवार को निजी आईडी से ई टिकट बुक कर अवैध ढंग से उसे बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह दोनोंं बिना किसी काॅमर्शियल आईडी के टिकट बुक कर उसे ऊंचे दामों पर बेच देते थे।
आरपीएफ थानाध्यक्ष को रेलवे की साइबर सेल ने अवैध तरीके से ई-टिकट बेचने के कारोबार की जानकारी दी। मंगलवार दोपहर दो बजे थानाध्यक्ष ने दो टीमें बनाईं। इसके बाद नेट प्वांइट जनसेवा केंद्र बसखारी पर छापा मारा। यहां संचालक विकास मौर्य को पकड़ लिया। इसके पास से 22,425 रुपये राशि के 11 ई-टिकट बरामद हुए। इसे उसने निजी आईडी से बनाया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह तत्काल टिकट का 500 और अन्य टिकट 200 रुपये प्रति टिकट ज्यादा लेकर बुकिंग करता था।
पुलिस ने भिदूड़ के एकलव्य चौराहे पर स्थित सूर्यलाल निषाद जनसेवा केंद्र पर दबिश दी। संचालक सोनू कुमार के पास से 7,882 रुपये के आठ ई-टिकट के साथ ही एक कंप्यूटर सेट व टिकट की बुकिंग के लिए प्रयोग करने वाले मोबाइल को जब्त कर लिया। दो स्थानों पर कार्रवाई के बाद क्षेत्र के कुछ जनसेवा केंद्र संचालक अपना शटर गिराकर चले गए। जीआरपी थानाध्यक्ष जीएस गौतम ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे एक्ट 143 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।












