
कुशीनगर । अगामी त्यौहार दीपावली, छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दृष्टिगत आवश्यक बैठक जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, प्रेम कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार सिंह की उपस्थिति में समस्त उपजिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारीगण, विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरुओं व जनपद के प्रतिष्ठित संभ्रांत नागरिकों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न की गई। उक्त बैठक में आगामी त्यौहार दीपावली के मौके पर प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर साफ सफाई, उचित प्रकाश की व्यवस्था तथा दीपावली, छठ पूजा, कार्तिक पूर्णिमा स्नान कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। उपरोक्त त्योहार के दृष्टिगत सर्वप्रथम आए हुए जन सामान्य से प्रतिमा स्थापना तथा विसर्जन स्थलों, पंडाल स्थापना के समय आने वाली समस्या , विवादित स्थानों तथा संवेदनशील स्थानों, छठ घाटों पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित एसडीएम एवं सीओ को दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर निकायों को नगरीय क्षेत्रों में तथा डीपीआरओ को ग्रामीण क्षेत्रों मे साफ सफाई कराने विशेष अभियान के तहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पटाखों के दुकान और निर्माताओं के लिए जो एस ओ पी है उसका शत प्रतिशत अनुपालन होना चाहिए एवं किसी भी पटाखों के थोक दुकानों में अनुमन्य क्षमता से अधिक पटाखें संग्रह न हों, इसका भी निरीक्षण कर लें। उन्होंने कहा कि जो शासन द्वार निर्गत गाइडलाइंस है उनका शतप्रतिशत पालन करते हुए पंडाल का निर्माण करे और विसर्जन तक अनुपालन करे। आयोजकगण भी सफाई में मदद करें। गाइडलाइंस का पालन न करने वालो और शांति व्यवस्था व सौहार्द्रता बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। आवश्यतनुसार बांस, बल्ली, रस्सी, रेत की बोरी के माध्यम से छठ घाटों का निर्माण किया जाए, उचित रूप से बैरिकेडिंग करा दिया जाए, गोताखोरों की व्यवस्था किया जाए। चिन्हित स्थलों, घाटों पर ज्यादा गहरा पानी अगर है तो बांस से घेर दिया जाए साथ ही गोताखोरों एवं नाविकों के व्यवस्था रहें। छठ घाटों और आवागमन के रास्ते पर प्रकाश की उचित व्यवस्था की जाय। सभी सीएचसी और पीएचसी पर जीवन रक्षक दवाएं तथा खास कर दीपावली के दृष्टिगत पटाखों के जलने पर होने वाली क्षति को कम करने तथा उनके इलाज से संबंधित दवाएं अवश्य उपलब्ध रहें। सभी अस्पतालों पर त्यौहार के दृष्टिगत चिकित्सकों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाने के निर्देश भी दिए।त्यौहार के दृष्टिगत पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर रहें। कहा कि यह अपेक्षा करता हु कि आपसी सामंजस्य और सौहार्द्रता से सम्पूर्ण त्योहार को मिलजुल कर कुशलता पूर्वक मनाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कहा की सभी अधिकारी रूट चार्ट, प्रतिमा स्थापना स्थलों, विसर्जन स्थलों, छठ घाटों का भ्रमण कर निरीक्षण कर लें। जनपद में इस वर्ष लगभग 1234 मूर्तियां स्थापित किए जाएंगे एवं 540 घाटों पर छठ त्योहार तथा प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। सभी स्थलों पर पुलिस फोर्स पूर्णतः तैनात रहेंगी। इस अवसर पर सोशल मीडिया द्वारा अफवाहों पर ध्यान न दिए जाने की बात कही गई तथा पंडाल बनाने से लेकर विसर्जन तक शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देश दिए गए। मूर्तिकारों से त्यौहार के दृष्टिगत पूर्व में वार्ता होने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि मूर्तियों की ऊंचाई ज्यादा न रहे तथा प्रतिमा ले जाते समय बजने वाले डीजे साउंड पर गानों की सूची का भी अधिकारी एवं पुलिस कार्मिक निरीक्षण पूर्व में कर लें। उनसे अनुरोध कर लें कि ऐसे कोई भी विवादित गाने न बजाए जाए जो किसी को आहत करें या जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़े। सभी आयोजकों के पास पुलिस फोर्स का नंबर अवश्य रहें। पंडाल आयोजन कर्ता समिति के सदस्यों का नाम सहित मोबाइल नंबर थाने में सूची उपलब्ध करा दें।आयोजनकर्ता समिति के पंडाल के पास हमेशा मौजूद रहे। भ्रामक व गलत खबर अगर कोई प्रसारित कर रहा है तो उसकी सूचना थाने में दे सकते है। पुलिस प्रशासन पूर्णतः सक्रिय एवं तत्पर रहेगी। माहौल खराब करने वाले लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सभी पंडालों के आसपास पुलिस की व्यवस्था चॉक चौबंद रहेगी। आपसे अपेक्षा है की संपूर्ण त्योहार को शांतिपूर्वक, सकुशल संपन्न कराने में हमारी सहायता करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, प्रेम कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारीगण के साथ उप जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) व समस्त अधि0 अधिकारी नगर निकाय, क्षेत्राधिकारी कसया, तमकुही, खड्डा, अधि0 अभियंता विद्युत, समस्त बीडीओ , ईओ, संबंधित अधिकारीगण तथा पंडाल निर्माता अध्यक्ष, विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु, जनपद के प्रतिष्ठित संभ्रांत नागरिक व संबंधित जन सामान्य मौजूद रहे।











