
हादसे में बरात वाली बस में सवार एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों बसों में मौजूद छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत चिंताजनक बताई गई है।दादों कस्बे के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी रेडीमेड कपड़ों के व्यापारी शादाब पुत्र रफीक खां की बरात हाथरस जनपद के हाथरस गेट क्षेत्र में गांव बड़ी किंदौली गई थी। गांव निवासी पप्पन पुत्री मोहम्मदी के साथ निकाह के बाद दो वाहनों में बरात दादों लौट रही थी। दूल्हा-दुल्हन दूसरे वाहन में थे। जो बस टकराई उसमें करीब 60 बराती मौजूद थे।उधर अलीगढ़ शहर के गांधी पार्क से सासनी के लिए निजी बस जा रही थी। मडराक से थोड़ा आगे आर्यनगर में ईंट भट्ठे के पास दोनों बसें सामने से टकरा गईं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों के अनुसार बरातियों से भरी बस का स्टेयरिंग फेल हो गया था, जिससे अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी साइड पर चली गई। वहीं कुछ लोगों में चर्चा थी कि बरात वाली बस के चालक ने मदिरापान कर रखा था।
बसों के सामने से टकराने पर बरात वाली बस में मौजूद 50 वर्षीय हरपाल पुत्र रामफल निवासी दादों की मौत हो गई। वह किसान थे। अपने पीछे दो शादीशुदा बेटों सहित परिवार को रोता छोड़ गए हैं। वहीं दोनों बस में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें 52 वर्षीय मुन्ने की खां की हालत गंभीर बनी हुई है।
मडराक में आर्यनगर के समीप दो निजी बसें सामने से टकराई हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों के मामूली चोटें आई थीं। दोनों बसों को क्रेन के जरिये सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।अलीगढ़-हाथरस रोड पर दूर तक लग गया जाम
हादसे के बाद अलीगढ़-हाथरस रोड पर दूर तक जाम लग गया। सड़क पर दोनों ओर काफी संख्या में वाहन फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले बसों के घायलों को तीन एंबुलेंस के जरिये अस्पताल भिजवाया। इसके बाद मौके पर क्रेन बुलवाकर दोनों बसों को सड़क से हटवाया। इसके बाद जाम खुल सका। इस दौरान जाम में फंसे वाहनों में मौजूद बच्चे और बुजुर्ग परेशान से से दिखे।