
जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज थाना परिसर में नए भवन के निर्माण के लिए सामान लादकर आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर रोड के किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप चालक वाहन में काफी देर तक फंसा रहा।
पुलिस ने लोगों के सहयोग से उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जहांगीरगंज थाना परिसर में इन दिनों भवन निर्माण चल रहा है। शुक्रवार को संतकबीरनगर के महुली थाने से निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री लेकर पिकअप चालक लव कुमार जहांगीरगंज आ रहा था। वह माडरमऊ बाजार के पास पहुंचा था, तभी पिकअप अनियंत्रित होकर रोड के किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे चालक घायल होकर वाहन के अंदर ही फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पिकअप में फंसे चालक को निकलवाकर सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसके बाद जेसीबी के जरिए पिकअप को वहां से हटाया गया। बताया जाता है कि हादसे के दौरान पिकअप चालक ने नशा कर रखा था। थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने बताया कि चालक छत्तीसगढ़ का निवासी है। उसका इलाज कराया गया। वह खतरे से बाहर है।







