
गाजीपुर करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के अलग-अलग गांवों में होली के दिन मारपीट में घायल दो लोगों की इलाज के दौरान रविवार की देर शाम मौत हो गई। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। निवासी रामाश्रय यादव (38) शुक्रवार की शाम होली के मौके पर अबीर लगाकर आ रहे थे। पिता तेज बहादुर यादव का आरोप है कि चुनावी रंजिश में पहले से घात लगाकर बैठे विपक्षियों ने लाठी डंडे से प्रहार कर घायल कर दिया। पड़ोसी मनोज यादव ने छुड़ाने के प्रयास किया, लेकिन हमलावर उन्हें भी घायल कर दिए। दोनों को वाराणसी इलाज के लिए ले जाया गया। जहां रामाश्रय की मौत रविवार की देर शाम हो गई। राम आश्रय घर पर रहकर खेती करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की शादी इसी वर्ष की थी। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर इसी थानाक्षेत्र के खड़हरा गांव में बिंदवलिया बिंद बस्ती होली के दिन गांव में घुरी बिंद और उमा बिंद के बच्चों के बीच डांस करने को लेकर रात में आठ बजे विवाद के बाद मारपीट हो गई।
बीचबचाव करने गए गांव निवासी हरिवंश बिंद (90) के सिर में चोट लग गई। परिवार के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार देर शाम मौत हो गई। मृतक के बेटे घुरी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया दोनों घटनाओं में आरोपियों के घर दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।




