उत्तर प्रदेश

इटावा : घर में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, लेनदेन के विवाद की आशंका

इटावा : घर में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, लेनदेन के विवाद की आशंका

इटावा, 9 अप्रैल 2025:

यूपी के इटावा जिले में भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मुलू, विवौली में मंगलवार रात एक युवक की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक लाल सिंह रात को घर के बरामदे में मोबाइल फोन चलाते हुए लेटा था और लगभग 12 बजे के बाद सो गया था। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। लाल सिंह का छोटा भाई सिंटू दौड़कर मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि लाल सिंह लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। हमलावर वारदात के तुरंत बाद फरार हो गए।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी में करता था काम::

परिजन बताते हैं कि लाल सिंह एक ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी में काम करता था और अक्सर बाहर रहता था। घटना के पीछे ऑनलाइन ट्रेडिंग में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। साथ ही गांव के एक व्यक्ति के साथ लेनदेन के विवाद की बात भी सामने आ रही है।

स्थानीय पुलिस के साथ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस के मुताबिक लाल सिंह का मोबाइल फोन घटनास्थल से गायब है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर में दो गोलियां लगने का बात सामने आ रही है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।


Discover more from Vande Bharat Live Tv News

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Back to top button
error: Content is protected !!