
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 07 मई 2025
गया जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले के सभी प्रखंडों में प्रतिदिन महिला संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें अपने अधिकारों एवं अवसरों के प्रति सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाएं सामाजिक और विकासात्मक विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा कर रही हैं। महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे वे इसका लाभ ले सकें। महिलाएं अपनी आकांक्षाओं और सामुदायिक आवश्यकताओं को आयोजकों और अन्य लोगों के समक्ष रख रही हैं, जिनमें गाँव में सामुदायिक भवन, सामुदायिक पुस्तकालय, विद्यालय की उपलब्धता, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नाली एवं जल निकासी की समस्याओं का समाधान, नल-जल और सड़कों की मरम्मत, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार के अवसरों का विस्तार, वृद्धा पेंशन में बढ़ोतरी आदि शामिल हैं।
महिला संवाद कार्यक्रमों से महिलाओं में सामाजिक गतिविधियों से जागरूकता बढ़ी है। कार्यक्रमों में दहेज प्रथा और बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई जा रही है, साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण और घरेलू हिंसा की रोकथाम के प्रति संकल्प लिया जा रहा है।
महिला संवाद कार्यक्रम गया जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं न केवल जागरूक हो रही हैं, बल्कि वे अपने अधिकारों और अवसरों के प्रति भी सशक्त हो रही हैं। हमें विश्वास है कि ये कार्यक्रम जिले की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़